इनाम का झांसा देकर लोगों को चूना लगाने वाले गिरोह ने अब शादी के बहाने ठगी शुरू कर दी है।
एक हाईटेक जालसाज ने शादी डॉट कॉम पर एक युवती का प्रोफाइल देखा। फोन पर बातचीत शुरू की और बहाने से 7.5 लाख रुपये खाते में जमा करा लिए।
कुछ दिन बातचीत के बाद संपर्क तोड़ दिया। ठगी का शिकार बनी महिला ने इंदिरानगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इंदिरानगर के सेक्टर-12 में रहने वाली एक महिला ने अपनी बहन के रिश्ते के लिए पिछले साल शादी डॉट कॉम पर विज्ञापन दिया था।
ठग ने खुद को बताया था बड़ा व्यवसायी
पुलिस के मुताबिक, जनवरी 13 में प्रमोद लक्ष्मी नामक व्यक्ति ने उसके मोबाइल पर कॉल करके रिश्ते की बातचीत शुरू की। उसने खुद को बड़ा व्यापारी बताया। विदेशों में अपने रिश्ते व अन्य लुभावनी जानकारी देकर नजदीकी बनाने लगा।
खास बात यह थी कि महिला के मोबाइल की स्क्रीन पर प्रमोद का नंबर नहीं दिखता था। उसका कहना था कि नंबर से अनेक लोग संपर्क करने लगते हैं, जिससे कारोबार पर असर पड़ता है।
लच्छेदार बातों से प्रमोद ने महिला व उसकी बहन को खासा प्रभावित कर लिया। कुछ दिनों बाद कॉल करके कहा कि उसका दोस्त जैसी ग्राहम अमेरिका से आया है।
मुंबई एयरपोर्ट पर कस्टम वालों ने उसे रोक लिया है। दरअसल, उसके पास भारतीय करेंसी नहीं है। प्रमोद ने महिला को बताया कि वह भी बाहर होने के कारण दोस्त की मदद नहीं कर पा रहा है।
इस बहाने उसने महिला से अपने खाते में 7.5 लाख रुपये स्थानांतरित करा लिए। उससे कहा कि विदेश यात्रा से लौटते ही रकम लौटा देगा।
पैसे लेने के बाद संपर्क तोड़ा
महिला का कहना है कि उसने अपने पति या परिवार के अन्य लोगों को बताए बगैर प्रमोद के खाते में रुपये जमा कराए थे।
रकम लेने के कुछ दिन बाद तक प्रमोद ने कॉल करके बातचीत की। इसके बाद संपर्क तोड़ दिया। महिला ने इंटरनेट के जरिए उसका पता लगाया और संपर्क करने की कोशिश की।
कोई नतीजा न निकलने पर उसे ठगी का अहसास हुआ। इस पर उसने इंदिरानगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने साइबर क्राइम सेल की मदद से जालसाज की तलाश शुरू की है।