शादी का झांसा देकर पहले छात्रा से शारीरिक संबंध बनाए, फिर अश्लील फोटो खींच कर ब्लैकमेल करना शुरू किया। पीड़ित छात्रा के घर वालों को जब महानगर में रहने वाले आरोपी अभिनव राजा भार्गव के शादीशुदा होने का पता चला तो वह उन्हें शादी के लिए धमकाने लगा।
पीड़ित छात्रा की मां ने अभिनव के खिलाफ गोमतीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसओ सैय्यद मोहम्मद अब्बास ने बताया कि मामले की जांच दरोगा केबी सिंह को सौंपी गई है।
अभिनव का नाम करीब 19 साल पहले ला-मार्टीनियर कॉलेज के असिस्टेंट वार्डन व फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर फ्रेडरिक गोम्स की हत्या में भी आया था।
छात्रा की मां ने आरोप लगाया है कि अभिनव राजा भार्गव कई माह से उनकी बेटी का यौन शोषण कर रहा था। छात्रा से उसने खुद को अविवाहित बताकर संपर्क बढ़ाए, फिर शादी का झांसा देकर यौनशोषण शुरू कर दिया।