अमेठी के गौरीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी मां को बुलाने जा रही युवती से दो युवकों ने दुराचार किया। युवकों की पकड़ से छूटने के बाद घर पहुंची युवती ने यह बात अपने परिवारीजनों को बताई। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कर युवती का मेडिकल परीक्षण कराया है।
गौरीगंज थाने की एक युवती सोमवार शाम अपनी मां को बुलाने के लिए गांव के दूसरे छोर पर एक व्यक्ति के घर जा रही थी। युवती गांव के किनारे स्थित बाग के पास पहुंची ही थी कि अचानक पहुंचे दो युवकों ने उसे पकड़ लिया। युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
गैंगरेप के बाद किसी तरह घर पहुंची युवती ने पूरी बात अपने परिवारीजनों को बताई। घटना से अवाक परिवारीजन युवती को लेकर तत्काल थाने आए।
युवती की तहरीर पर पुलिस ने उसके गांव के फूलचंद्र और कलीम के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है। प्रभारी एसओ रामकिशोर ने प्राथमिकी दर्ज करने की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष विवेचना कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।