हुसैनगंज पुलिस ने शनिवार सुबह चारबाग बस अड्डे के पास घेराबंदी कर पांच हजार के ईनामी गब्बर सिंह को गिरफ्तार किया है।
ससुर की हत्या के आरोप में पुलिस एक वर्ष से उसकी तलाश में थी।
सीओ हजरतगंज दिनेश यादव ने बताया कि एसआई राधेश्याम सिंह ने कांस्टेबल हेमेंद्र प्रताप, प्रवीण प्रताप सिंह व एक मुखबिर की मदद से उसे पकड़ा।
छत्तीसगढ़ के विलासपुर के गांव लाल खदान निवासी राजकुमार उर्फ गब्बर सिंह को चारबाग बस अड्डे से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को 29 अगस्त 2012 को एपी सेन रोड स्थित शालीमार अपार्टमेंट में मान सिंह की हत्या के मामले में गब्बर की तलाश थी।
निर्माणाधीन अपार्टमेंट में मजदूरी करने वाले गब्बर को अपनी पत्नी पर शक था। इसे लेकर हुई कहासुनी के दौरान साथ रहने वाले ससुर मान सिंह ने बेटी का पक्ष लिया।
बात बढ़ने पर उसने लोहे की रॉड से उसके सिर पर वार कर दिया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे सीजेएम की कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।