मलाईदार तैनाती की चाहत रखने वाले आईपीएस अफसर को ठगों ने 15 लाख रुपये का चूना लगा दिया। मनमुताबिक तैनाती के लिए कोशिश कर रहे इस अफसर के साथ ठग ने 25 लाख रुपये की डील की थी।
वादा पूरा न कर पाने पर पुलिस अफसर ने उससे रकम मांगी तो ठग उन्हें रुतबा दिखाकर टालमटोल करने लगा। एक जिले का पुलिस कप्तान बनने पर अफसर ने अपने करीबी पुलिसकर्मियों की मदद से ठग पर दबाव बनाया है।
हजरतगंज कोतवाली की एक टीम ठग की तलाश में है। सूत्र बताते हैं कि कुछ महीने पहले अफसर की मुलाकात एक कद्दावर नेता के बंगले में बेधड़क आने-जाने वाले व्यक्ति से हुई।
ब्रांडेड कपड़े, जूते, गले में सोने की मोटी चेन व महंगे मोबाइल लेकर कार से उतरने वाले व्यक्ति को नेता के आवास के अनेक कर्मचारियों को सलाम करते देख अफसर भी उसे नेता का बेहद करीबी समझ बैठे।
मौका निकालकर अपनी परेशानी बयां की। उसने परेशान आईपीएस अफसर को अपने घर का पता देकर पहुंचने को कहा।