लखनऊ के गोसाईंगंज में ओमेक्स कंपनी के फोरमैन जितेंद्र कुमार सिंह का एसबीआई का क्रेडिट कार्ड लिफाफे में बंद ही रखा रह गया और ठगों ने उससे 1.19 लाख रुपये की शॉपिंग कर डाली। गोसाईंगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि जितेंद्र मूल रूप से आजमगढ़ के हैं और यहां नौकरी करते हैं। उन्होंने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन किया था। बैंक की तरफ से उन्हें कार्ड भेजा गया।
इसका पिन नंबर बाद में भेजने की जानकारी दी गई। इस पर जितेंद्र ने कार्ड लिफाफे सहित अलमारी में रख दिया। 20 नवंबर की शाम सवा पांच बजे बैंक से उन्हें कॉल कर बताया गया कि उनके क्रेडिट कार्ड से 1,19,999 रुपये की शॉपिंग की गई है। यह सुनते ही जितेंद्र के होश उड़ गए।
उन्होंने कहा कि अभी तो कार्ड का लिफाफा तक नहीं खोला है। इतना ही नहीं उसका पिन नंबर भी नहीं मिला है। ऐसे में खरीदारी कैसे कर ली गई। इस पर बैंक अधिकारियों ने पुलिस के पास जाने की सलाह दी। जितेंद्र ने कार्ड ब्लॉक कराकर अज्ञात ठगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उनका कहना है कि इस धोखाधड़ी में बैंक के अधिकारियों की मिलीभगत है।