नागमणी का झांसा देकर 6 जालसाजों ने मुंबई के एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये ठग लिए। ठग एक कार में सवार थे, जिन्होंने श्रद्धालु को लहरपुर क्षेत्र में फेंक दिया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंबई के नागपाड़ा निवासी जाहिद लखनऊ घूमने आया था। यहां से वह बस में सवार होकर नैमिषारण्य के लिए चल दिया। बस में पहले से एक ठग सवार था। जिसने जाहिद को झांसे में लेते हुए नागमणी बेचने की बात कही। 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसके बाद ठग जाहिद को सीतापुर ले आया।
यहां पर कार सवार पांच और साथी पहले से ही तैयार थे। छह लोगों ने उसे अपनी कार में बैठा लिया। इसके बाद बदमाशों ने जाहिद के पास मौजूद 50 हजार रुपये छीन लिए और लहरपुर के करीब उसे कार से धकेलकर भाग निकले।
पीड़ित ने छह अज्ञात ठगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।