यूपी की राजधानी लखनऊ के आलमबाग बस अड्डे के सामने चंदरनगर में करोड़ों की जमीन पर सोमवार दोपहर कब्जा करने पहुंचे भूमाफिया, उसके गुर्गों और वकीलों ने अंधाधुंध फायरिंग की। दुकानदारों को धमकाने के साथ तोड़फोड़ करने लगे। इससे इलाके में दहशत फैल गई।
इस बीच, एक दुकानदार भाग कर अपने घर पहुंचा और लाइसेंसी बंदूक से हमलावरों पर गोलियां बरसा दीं। हमलावरों को पीछे हटते देख भीड़ ने पथराव करते हुए एक हमलावर को पिस्टल समेत दबोचा लिया और उसकी कार तोड़ डाली। फायरिंग और पथराव में 14 लोग घायल हुए।
इनमें आठ हमलावर बताए जा रहे हैं। दबंगों के दुस्साहस से भड़के लोगों ने इंस्पेक्टर पर साठगांठ का आरोप लगाते हुए हाइवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। वे एएसपी सिटी के आश्वासन पर माने। दो घंटे यातायात बाधित रहा।
पुलिस के मुताबिक, आलमबाग बस अड्डे के सामने चंदरनगर में एसबीआई रोड पर 16 हजार वर्ग फीट जमीन पर डेंटर नासिर अहमद व उसके परिवारीजनों के घर और दुकानें हैं। इस पर भूमाफिया बृजेंद्र मुरारी व उसके करीबी लोग मालिकाना हक जताने के साथ कब्जे की फिराक में थे।
दुकानों के शटर गिराकर भागे व्यापारी
भूमाफिया सोमवार दोपहर दो बजे अपने गुर्गों व वकीलों को साथ लेकर तीन लग्जरी गाड़ियों से मौके पर पहुंचा। असलहाधारियों ने कानपुर रोड की तरफ स्थित दुकानों को बंद कराने के लिए व्यापारियों को धमकाना शुरू किया। इस बीच भूमाफिया अपने गुर्गों के साथ नासिर के डेंटिंग कारखाने पर पहुंचा।
दुकान व मकान खाली करने की धमकी के साथ फायरिंग करने लगा और वहां खड़ी कार के शीशे तोड़ डाले। नासिर के कारखाने पर फायरिंग होते ही कानपुर रोड पर खड़े गुर्गों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका थर्रा उठा। दुकानों के शटर गिराकर व्यापारी भागने लगे।
कारखाने पर हमला होते ही नासिर भाग कर अपने घर में घुसा। दरवाजा भीतर से बंद करने के साथ लाइसेंसी बंदूक उठाई और छत पर चढ़कर हमलावरों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। नासिर के मोर्चा संभालने से हमलावरों में भगदड़ मची।
उन्हें पीछे हटते देख आसपास के लोग पथराव करते दौड़े और कार स्टार्ट कर रहे एक हमलावर को पिस्टल समेत दबोच लिया। उसे पीटते हुए चौकी इंचार्ज संतोष सिंह को सौंपा। हमलावरों की फायरिंग से नासिर का रिश्तेदार रियाज अहमद उर्फ गुल्लू, शकील अहमद और टेम्पो की डेंटिंग कराने आया पप्पू यादव घायल हो गया।
इंस्पेक्टर आलमबाग पर लगाया साठगांठ का आरोप
दबंगों के दुस्साहस से आक्रोशित नासिर ने इलाके के व्यापारियों व अन्य लोगों की मदद से हाइवे पर जाम लगाया और इंस्पेक्टर आलमबाग तेजपाल सिंह पर साठगांठ का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हालात बेकाबू होते देख चौकी इंचार्ज ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इस पर एएसपी सिटी पूर्वी रोहित मिश्रा, सीओ आलमबाग प्रताप गोपेंद्र यादव, एसओ कृष्णानगर अश्विनी पांडेय, एसओ मानकनगर मुस्तकीम अहमद व एसओ पारा अशोक यादव अपने थानों और चौकियों का फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने हमलावरों की गिरफ्तारी व इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। करीब दो घंटे जद्दोजहद के बाद एएसपी रोहित मिश्रा के आश्वासन पर प्रदर्शन खत्म हुआ।
इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि फायरिंग व पथराव में घायल वकील अतुल कुमार सिंह के साथ जानकीपुरम के सेक्टर-जे निवासी विशाल सिंह, अनुपम सिंह, गुडंबा के आदिलनगर निवासी मुशीर अहमद, अलीगंज के सेक्टर-क्यू निवासी अभिषेक सिंह, भिठौली के इरशाद, अभिषेक व कानपुर के बिल्हौर निवासी शिवांश ट्रॉमा सेंटर पहुंचे हैं। इस पर सीओ चौक सर्वेश कुमार मिश्रा को तहकीकात के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।