लखनऊ नाका के आर्यनगर में कलियुगी पिता द्वारा डेढ़ साल की मासूम बेटी का गला घोंटकर मार डालने की दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि वह बेटी पैदा होने से अक्सर नाराज रहता था और मारता-पीटता भी था। बृहस्पतिवार सुबह पत्नी के काम पर चले जाने के बाद पिता ने मासूम के मुंह में कपड़ा ठूंसकर मार डाला।
इतना ही नहीं घरवालों ने बिना पुलिस को बताए शव कब्रिस्तान में दफना दिया। वहीं, जब मोहल्लेवालों को घटना का पता चला तो उन्होंने आरोपी बाप को पीटा और इसके बाद वह फरार हो गया। दोपहर करीब 12 बजे कोमल लौटी तो वापस आई तो देखा कि बेटी अर्चना में कोई हरकत न देख चीख पड़ी।
आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। आनन-फानन उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवारीजन बिना किसी को सूचना दिए ही शव लेकर आर्य नगर पहुंच गए। कुछ देर बाद उसे पास के कब्रिस्तान में दफन कर दिया। कोमल के मुताबिक, उसे जरा भी संदेह नहीं था कि सीताराम उसकी हत्या कर देगा। नहीं तो वह उसे हमेशा अपने साथ लेकर ही जाती।
मूलरूप से गोंडा निवासी कोमल अपने परिवार के साथ आर्यनगर में रहती है। परिवार में पति सीताराम, चार साल का बेटा तूफानी और डेढ़ साल की बेटी अर्चना थी। घर चलाने के लिए कोमल घरों में बर्तन-चौका करती है। बृहस्पतिवार को भी वह रोज की तरह सुबह काम पर चली गई। घर पर पति सीताराम और दोनों बच्चे सो रहे थे।