मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी व लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
मछरेहटा (सीतापुर) विधानसभा मिश्रिख के सुभासपा प्रत्याशी की सुरक्षा में लगे गनर (सिपाही) की तीर्थ में डूबकर मौत हो गई। सिपाही अपने साथी के साथ मछरेहटा थाना क्षेत्र स्थित एक तीर्थ में बुधवार सुबह स्नान करने गया था। ज्यादा गहराई में जाने के कारण वह डूब गया। दूसरा साथी पहले ही वहां से जा चुका था। स्थानीय लोगों ने सिपाही को न देखकर अन्य लोगों को सूचना दी। ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने काफी मशक्कत कर शव को ढूंढ निकाला। सूचना पाकर मौकेे पर एएसपी, सीओ ने पहुंचकर जांच की है।
सिपाही बागपत जिले का निवासी था। मछरेहटा क्षेत्र के गांव कुंदौली में एक मंदिर के सामने तीर्थ है। बुधवार सुबह विधानसभा मिश्रिख से सुभासपा प्रत्याशी मनोज राजवंशी की सुरक्षा में लगा 2020 बैच का सिपाही गुराना रोड बडौत जिला बागपत निवासी रवि ढाका (28) पुत्र यशपाल अपने साथी वेद प्रकाश के साथ स्नान करने गया था। रवि करीब छह माह से मनोज राजवंशी की सुरक्षा में तैनात था। दोनों लोग तीर्थ के पश्चिम में स्नान कर रहे थे। अचानक रवि तीर्थ के बीच पहुंच गया। तीर्थ की गहराई अधिक होने से रवि डूब गया। दूसरा साथी पहले ही स्नान करके चला गया था। गांव के बच्चों ने देखा कि स्नान कर रहा सिपाही तीर्थ से गायब है तो उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीर्थ में सिपाही की तलाश शुरू की। तलाश के दौरान सिपाही को खोज निकाला, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। नाजुक हालत में सिपाही को अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी पर मौके पर ही उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर एएसपी साउथ एनपी सिंह, सीओ मिश्रिख, एसओ मौके पर पहुंच गए। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मृतक के परिवार को दे दी गई है। परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए हैं।
सीओ मिश्रिख सुशील यादव ने बताया कि सिपाही तीर्थ में स्नान करने गया था। तैर न पाने के कारण गहराई में पहुंच गया, इससे उसकी डूब कर मौत हो गई। मामले में जांच की जा रही है।
पर्स में मिले 12 हजार रुपए
तीर्थ के किनारे रखे कपड़ों में रवि की पर्स बरामद हुई। जिसमें बारह हजार छह सौ चालीस रुपए और आधार कार्ड मिले। मृतक के कमरे से एक कार्बाइन बंदूक व सत्तर राउंड कारतूस मिली। एसओ मछरेहटा मुकेश वर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।