गोमतीनगर के विरामखंड-5 में बृहस्पतिवार को पंजाब नेशनल बैंक से सेवानिवृत्त प्रबंधक राजीव कुमार भटनागर के घर का ताला चोरों ने दिन दहाड़े तोड़ दिया। वारदात के वक्त प्रबंधक पत्नी के साथ जिम गए थे। लौटे तो देखा कि सभी कमरों के आलमारी के लॉकर टूटे हुए हैं। नकदी व जेवरात गायब थे।
पीड़ित ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, पड़ताल के दौरान सीसीटीवी कैमरे में चोरों की तस्वीर कैद हो गई है। वारदात से पहले चोर मकान के आसपास कार से घूमते दिखे हैं।
राजीव कुमार भटनागर की पत्नी आरती सूचना विभाग में लिपिक पद से रिटायर्ड हैं। पुलिस के मुताबिक, दंपती दोपहर 12 बजे जिम गए थे। लौेटे देखा कि मुख्य द्वार का ताला टूटा था। पीड़ित के मुताबिक, करीब चार लाख के जेवरात चोरों ने साफ कर दिए हैं।
पुलिस को सीसीटीवी में कैप लगाए एक युवक मकान में दाखिल होने के साथ चोरी करके बाहर जाते नजर आया। पुलिस उसकी पहचान में जुटी है। सीसीटीवी में वारदात से कुछ देर पहले राजीव के घर के आसपास एक कार से कई बार चोरों ने रेकी की। कुछ देर बाद ही एक युवक मुख्य द्वार फांदकर दाखिल हो गया।
उसने रॉड और ब्लेड से इंटरलॉक के पास से दरवाजा तोड़ा। अंदर इसी तरह से चार दरवाजों के लॉक तोड़े। इसके बाद एक कमरे में रखी अलमारियों का सारा सामान निकालकर फर्श पर बिखेरा। जेवर और कैश मिलते ही बाहर चला गया। कार के नंबर के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
निर्माणाधीन मकान में काम करने वाले मजदूरों पर संदेह
राजीव के घर के पास एक निर्माणाधीन मकान है। जहां कुछ मजदूर अक्सर दिन में राजीव के घर किसी ने किसी काम से आते हैं। कुछ मजदूर रात में वहीं पर सोते हैं। पुलिस को आशंका हैं कि इनमें से किसी मजदूर ने चोरों की मदद की है। दंपती हर रोज शाम को जिम जाते हैं। लेकिन बृहस्पतिवार को एक रिश्तेदार के आने की वजह से दोपहर में गए थे। बदमाशों को इसकी पूरी जानकारी थी। पुलिस राजीव के घर के नौकरों और निर्माणाधीन मकान के मजदूरों से पूछताछ में जुटी है।