एटीएम कार्ड का नंबर व पासवर्ड हासिल कर लाखों रुपये की ऑनलाइन शॉपिंग करने वाले गैंग का खुलासा करते हुए साइबर सेल ने सोमवार शाम शोभित सिंह और तौसीब अहमद को गिरफ्तार किया है।
साइबर सेल के प्रभारी इंस्पेक्टर भगवान सिंह ने बताया कि दोनों को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हजरतगंज में एसबीआई मेन ब्रांच के एटीएम के पास पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक लैपटॉप, एक कलर प्रिंटर, एक एलईडी मॉनीटर, एक फोटोन मैक्स का डाटा कार्ड, पांच मोबाइल फोन, आठ सौ रुपये नकद और लखनऊ से मुंबई का एक एयर टिकट मिला है। पकड़े गए बदमाशों ने हाल ही में हुई आठ वारदातें कुबूली हैं।
गैंग के सरगना संतोष उर्फ विनोद की तलाश में दबिश दी जा रही है। एसएसपी ने गैंग का खुलासा करने वाले इंस्पेक्टर भगवान सिंह, सर्विलांस प्रभारी अनुराग मिश्र, साइबर सेल के सिपाही अखिलेश, सुधांशु शेखर, हरिकिशोर, रामप्रवेश, धीरेंद्र, शबनम, शाइस्ता व सर्विलांस सेल के सिपाही अनिल सिंह व सुनील राय की सराहना की है।