सीतापुर की बालाजी इन्फ्रा प्रापर्टीज एवं कम्यूनिकेशन्स फर्म के जालसाज
मालिकों ने मोबाइल हैंडसेट और रिचार्ज कूपन देने के नाम पर 24 ऑवर्स
बीएसएनएल शॉपी का 50 लाख रुपये डकार लिया।
माल की सप्लाई न होने पर रुपया
मांगने पर जालसाजों ने 50 लाख रुपये की चेक दे दी जो बाउंस हो गई। दोबारा
रकम का तगादा करने पर जालसाजों ने कंपनी के कर्मचारी को जान से मारने की
धमकी दे डाली।
बुधवार को 24 ऑवर्स बीएसएनएल शॉपी कंपनी ने हजरतगंज कोतवाली
में सीतापुर की दोनों फर्मों के मालिकों के खिलाफ धोखाधड़ी व कूट रचना
करके फर्जी चेक देने का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने
के लिए सीतापुर रवाना हो गई है। सीओ
हजरतगंज दिनेश यादव के मुताबिक, कैपिटल सिनेमा स्थित मेसर्स छोटे लाल
राधेश्याम, 24 ऑवर्स बीएसएनएल शॉपी फर्म के अकाउंटेंट रफत जमाल ने मुकदमा
दर्ज कराया है।
सीओ के मुताबिक सीतापुर की बालाजी इन्फ्रा प्रॉपर्टीज के
मालिक राजीव आनंद एंड कम्युनिकेशंस के मालिक अरुण कुमार की शिकायत की है।
रफत का आरोप है कि सीतापुर की दोनों फर्में उन्हें मोबाइल हैंडसेट, रिचार्ज
कूपन का स्टॉक उपलब्ध कराते थे।
जनवरी 2014 में दोनों फर्मों ने 24 ऑवर्स
बीएसएनएल शॉपी को मोबाइल हैंडसेट, रिचार्ज कूपन सप्लाई करने के नाम पर 50
लाख रुपये एडवांस लेकर दो दिन में माल सप्लाई करने का आश्वासन दिया था।
कई
महीने बीत जाने के बाद भी दोनों फर्मों ने सप्लाई नहीं की। रुपये मांगने पर
वह टरकाते रहे। दबाव डालने पर जालसाजों ने 50 लाख रुपये की चेक दे दी।
उन्होंने बैंक में चेक लगाई लेकिन खाते में पैसा न होने की वजह से चेक
बाउंस हो गई। तगादा करने पर जालसाज कई दिनों तक घूमाते रहे और मोबाइल फोन
उठाना भी बंद कर दिया।
31 मार्च को फोन करने पर जालसाजों ने रफत को जान से
मारने की धमकी देते हुए 50 लाख रुपये भूलने की हिदायत दी।
रफत की तहरीर पर
पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। सीओ ने बताया कि आरोपियों को
पकड़ने के लिए पुलिस टीम सीतापुर भेज दी गई है।