गुडंबा के गोयल अपार्टमेंट में पार्टी के दौरान शराब के नशे में धुत दोस्तों ने बीबीडी के छात्र ओम प्रकाश सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
विज्ञापन
इससे पहले छात्रों के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इसमें एक अन्य छात्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस बीच, पुलिस में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एसओ गुडंबा ने बताया कि चंदौली के सकलडीहा स्थित खरहरा गांव निवासी उपेंद्र सिंह का बेटा ओम प्रकाश सिंह बाबू बनारसी दास यूनिवर्सिटी में एमबीए प्रथम वर्ष का छात्र था और बीबीडी के सामने ही एक छात्रावास में रह रहा था।
विज्ञापन
शनिवार की रात में ओम प्रकाश को उसके दोस्त आजमगढ़ निवासी विकास सिंह, आकाश दीप राय, रोहित सिंह उर्फ शैंकी और आशीष ने पार्टी में आने की दावत दी थी।
पार्टी रिंग रोड पर कल्याणपुर पश्चिम के गोयल अपार्टमेंट में रखी गई थी। यहां पर ओम प्रकाश उर्फ ओपी अपने दोस्त साकिब के साथ गया था।
जरा सी कहासुनी बनी मौत की वजह
पार्टी के दौरान सभी ने जमकर शराब पी। इसी दौरान ओम प्रकाश की विकास सिंह, आकाश दीप और शैंकी से कहासुनी हो गई।
झगड़े के बाद ओम प्रकाश व साकिब वहां से निकल गए, लेकिन ओम प्रकाश का मोबाइल फोन वहीं छूट गया।
ओम प्रकाश अपने दोस्त साकिब के अलावा जैगम खां, वासिफ व कुछ अन्य साथियों के साथ फ्लैट पर मोबाइल लेने गया। वहां दोनों छात्र गुटों में जमकर मारपीट हुई और लाठी-डंडे चले।
विकास, आकाश दीप, शैंकी और आशीष ने डंडे से ओम प्रकाश और जैगम खां के सिर पर वार कर दिया। इससे दोनों बेहोश होकर वहीं गिर पड़े।
दोनों को बेहोश देख दूसरे गुट के चारों दोस्त वहां से फरार हो गया। ओमप्रकाश के साथ आए दोस्तों ने दोनों को पास के जगरानी अस्पताल में भर्ती कराया।
वहां से ओम प्रकाश को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं जैगम की हालत गंभीर बनी हुई है।
पीट-पीटकर ली दोस्त की जान
साकिब ने बताया कि पहले वह और ओपी ही फ्लैट पर पार्टी में पहुंचे थे। वहां पर शराब पीने के बाद उन लोगों का आकाश, विकास, शैंकी और आशीष से झगड़ा हो गया।
इसके बाद वे दोनों पार्टी छोड़कर निकल गए। चौराहे पर उनकी मुलाकात जैगम खां और वासिफ से हो गई। इसी दौरान ओपी ने बताया कि फ्लैट पर वह अपना मोबाइल फोन छोड़ आया है।
चारों दोस्त मोबाइल लेने गए थे। वहां आकाश और उसके साथियों ने समझा कि वे लोग उन्हें मारने के इरादे से आए। उन लोगों ने पहले जैगम पर हमला कर दिया। फिर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अन्य दोस्त तो भाग निकले, लेकिन उन्होंने ओपी को पीट-पीटकर मार डाला।
ओम प्रकाश होनहार छात्र था। परिवारवालों ने बताया कि उसने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा फर्स्ट डिवीजन में पास की।
इसके बाद इंटीग्रल यूनीवर्सिटी में बीटेक में दाखिला लिया। साथ ही, आजमगढ़ से ही प्राइवेट में बीकॉम की पढ़ाई पूरी की। बीटेक पूरी करने के बाद उसने बीबीडी में एमबीए में दाखिला ले लिया था।
इंटीग्रल यूनीवर्सिटी में पढ़ते हुए ओपी और साकिब की आकाश और उसके साथियों से दोस्ती हो गई थी। बीबीडी में दाखिला लेने के बाद भी उसकी इंटीग्रल में पढ़ने वाले पुराने मित्रों से दोस्ती बरकरार रही।
आरोपी आकाश बीएनसीटी से बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। साकिब ने बताया कि विकास ने ही उसे दावत पर बुलाया था। वह लोग अक्सर कहीं न कहीं पार्टी मनाते थे और दोस्तों के साथ मिल शराब पीते थे। इस दौरान छोटे-मोटे झगड़े भी होते रहते थे।