गोमतीनगर में शनिवार देर रात बदमाश ने एसबीआई के एटीएम बूथ से रकम उड़ाने की कोशिश की। खटपट की आवाज सुनकर केबिन में सो रहे गार्ड ने शोर मचाया।
इस पर बदमाश हाथापाई करते हुए भाग निकला। एटीएम का कैशबॉक्स तोड़ने के लिए लाए औजार छूट गए। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाश ने दो बार एटीएम बूथ पर जाकर जायजा लिया था।
एसओ गोमतीनगर उमेश बहादुर सिंह ने बताया कि शनिवार रात 12:50 बजे एक बदमाश विवेक खंड में स्टेशन रोड स्थित एसबीआई के एटीएम बूथ में घुसा।
कैमरे का शीशा तोड़ने के बाद रकम उड़ाने के इरादे से एटीएम तोड़ने की कोशिश करने लगा। आवाज सुनकर केबिन में सो रहे सिक्योरिटी गार्ड अशोक की नींद टूट गई।
उसने शोर मचाते हुए बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया। इस पर बदमाश उसे पीटकर भाग निकला,जबकि दो औजार मौके पर छूट गए। गार्ड ने बताया कि बदमाश रात 9:20 बजे व 10:30 बजे एटीएम बूथ पर आया था।
पहली बार उसने एटीएम में रुपये होने के बारे में पूछा था,जबकि दूसरी बार बाराबंकी जाने के लिए सवारी के बाबत जानकारी ली। अशोक ने बताया कि रात 12:45 बजे लघुशंका के लिए गया था। इस बीच बदमाश बूथ में घुसा।
पड़ताल में खुलासा हुआ कि बदमाश ने दो बार एटीएम बूथ पर जाकर टोह ली। इसके बाद रात 12:50 बजे फिर पहुंचा। गार्ड को केबिन में गहरी नींद में सोते देख उसने एटीएम तोड़ने की कोशिश की थी।