बिहार के मुंगेर से नाजायज असलहे लाकर प्रदेश के विभिन्न जिलों में बेचने वाले गिरोह के दो सदस्यों को एसटीएफ ने मंगलवार को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों के पास से छह पिस्टल और 12 मैगजीन बरामद हुई। मुंगेर में बनी पिस्टलों पर मेड इन यूएसए व मेड इन स्पेन लिखा था।
एसटीएफ पहले भी मुंगेर से नाजायज असलहे लाकर यूपी में बेचने वाले कई लोगों को दबोच चुकी है। ऐसे ही एक और गिरोह के सक्रिय होने की सूचना आ रही थी।
इसी कवायद में एसटीएफ को जानकारी मिली कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सम्भल जिले का रिंकू सिंह जो पूर्व में एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त गुड्डू उर्फ मलखान सिंह का साथी है इस धंधे में लगा हुआ था।
एसटीएफ को जानकारी मिली कि रिंकू मंगलवार दोपहर लगभग चार बजे बिहार से अवैध असलहों के साथ बादशाह नगर रेलवे स्टेशन के समीप आएगा।
सूचना पर एसटीएफ की टीम ने बादशाह नगर रेलवे स्टेशन मोड़ पर संभल निवासी रिंकू और उसके साथी मुरादाबाद निवासी नरेंद्र को दबोच लिया।
तलाशी में आरोपियों के पास से .32 बोर की छह पिस्टल और 12 मैगजीन व दो मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछने पर नरेंद्र ने बताया कि एक साल से रिंकू से साथ इस धंधे में लगा था।
जबकि रिंकू ने बताया कि वह बिहार में मुंगेर जनपद के वर्धा निवासी महफूज नामक व्यक्ति से असलहे लेकर आता है और लखनऊ,रामपुर,मुरादाबाद,बरेली व मुजफ्फरनगर आदि जनपदों में बेच देता है।
एसटीएफ के अनुसार के मुताबिक इससे पूर्व रिंकू सिंह अवैध असलहों का कारोबार मलखान उर्फ गुड्डू के साथ मिल कर करता था और 100 से अधिक असलहे मुंगेर से लाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में बेच चुका है।
उल्लेखनीय है कि मलखान सिंह उर्फ गुडडू को एसटीएफ द्वारा पूर्व में दो बार अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। एसटीएफ ने दोनों आरोपियों को महानगर कोतवाली में दाखिल कराया है।