डालीगंज में चार दिन पहले एक बुजुर्ग को कुछ युवकों ने पीट-पीटकर लहूलुहान कर दिया था। परिवार के लोगों ने गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई। घरवालों ने जांच की मांग की है। हसनगंज के गुड़मंडी निवासी श्याम बाबू (60) चार सितंबर की रात डालीगंज स्टेशन के पास से गुजर रहे थे।
रास्ते में किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। शोर मचने पर आसपास के लोगों को जुटता देख हमलावर भाग गए थे।
मौके पर पहुंचे लोगों ने श्याम को खून से लथपथ पड़ा देख परिवार को सूचना दी। परिवार के लोगों ने उन्हें बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया।
इलाज के दौरान मौत होने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। भाई संजय ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।