एयरटेल में काम कर रही एक युवती ने अपने बॉस पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए विभूति खंड थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आरोप है कि कंपनी के उच्चाधिकारियों से शिकायत करने पर उसे घर बैठने का आदेश दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, वजीरगंज क्षेत्र की रहने वाली युवती ने बताया कि वह सवा साल से एयरटेल के विभूति खंड स्थित ऑफिस में असाइनमेंट मैनेजर है।
मयंक सिंह ने 20 जून को उसके बॉस के रूप में चार्ज लिया। पांच दिन बाद मुलाकात होने पर उन्होंने व्यक्तिगत जीवन से संबंधित सवाल किए। इसके बाद बहाने से बुलाकर आपत्तिजनक बातें करने लगे।
नजरअंदाज करने पर उन्होंने 1 जुलाई को गार्ड के माध्यम से बुलाया और साथ में घूमने चलने का प्रस्ताव रखा। इन्कार करने पर नाराज हो गए और विभिन्न तरीकों से उत्पीड़न शुरू कर दिया।
बात हद से बाहर जाती देख युवती ने कंपनी के एचआर हेड व अन्य अधिकारियों से शिकायत की। इस पर उच्चाधिकारियों ने जांच के लिए 8 जुलाई को युवती को दिल्ली बुलाया और आश्वासन देकर लौटा दिया।
तीसरे दिन प्रबंधन ने उसे घर बैठने के आदेश दिया और कहा कि घर बैठे वेतन मिलता रहेगा।
युवती ने बताया कि उसने एचआर हेड स्नेहाशीष, कंपनी के मालिक सुनील मित्तल, सीईओ गोपाल विदुल को भी यौन उत्पीड़न की जानकारी दी लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।
इस पर युवती ने डीआईजी रेंज नवनीत सिकेरा से गुहार लगाई थी। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके तहकीकात शुरू कर दी।