सहतवार थाने के कसबा निवासी एक विवाहिता के चेहरे पर कुछ अराजकतत्वों ने तेजाब फेंककर उसे गंभीर रूप से झुलसा दिया है। इस घटना को किसने और क्यों अंजाम दिया इस बात का खुलासा नहीं हो सका है।
वाकया उस समय हुआ जब विवाहिता कसबे से बाहर जा रही थी। कस्बे में रहने वाली अंजली देवी (28) पत्नी झुनझुन वर्मा सोमवार सुबह अपने घर से निकलकर कसबा से सटे खेत में जा रही थी।
इसी दौरान कुछ युवकों ने उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलसकर चिल्लाने लगी। चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए।
आननफानन में उसे जिला अस्पताल लाया गया। चिकित्सकों की मानें तो विवाहिता का चेहरा 75 फीसदी झुलस चुका है। उसे ठीक होने में काफी समय लगेगा। घटना को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
इस बाबत सहतवार थानाध्यक्ष रमाकांत यादव ने बताया कि प्रकरण में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।