इटावा जिले के चौबिया थाना क्षेत्र के कर्री छिमारा मार्ग पर केशोंपुर गांव के पास सड़क किनारे युवक का जला शव पड़ा मिला। पास ही उसकी बाइक भी जली पड़ी थी। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के पिता ने प्रेम प्रसंग के चलते बेटे की जलाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है।
पिता ने मीडिया के सामने पूरे प्रकरण का खुलासा कर सनसनी फैला दी है। जबकि पुलिस इसे बिजली के पोल से टकराकर करंट लगने से मौत होना बता रही है।
गुरुवार की सुबह केशोंपुर गांव के पास सड़क किनारे विद्युत पोल के पास एक युवक का जली अवस्था में शव पड़ा लोगों ने देखा। पास ही उसकी बाइक भी जली पड़ी थी। लोगों ने इसकी सूचना चौबिया थाना पुलिस को दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए। युवक व उसकी बाइक के बुरी तरह से जल जाने के कारण पहचान नहीं हो सकी। जब पुलिस ने शव की तलाशी ली तो पैंट की पीछे वाली जेब में अधजली अवस्था में उसका वोटर कार्ड मिला।
प्रेमिका के भाई के साथ हुई थी मारपीट
जिससे उसकी पहचान सौरभ सविता (22) पुत्र कमल सिंह निवासी मोहल्ला काजी कस्बा करहल जिला मैनपुरी के रूप में हुई। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी तो वे मौके पर पहुंचे और उसके पास मिली जंजीर व वोटर कार्ड से शव की शिनाख्त की।
पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद पिता कमल सिंह ने आरोप लगाया कि सौरभ के संबंध कस्बे की ही एक महिला से थे। महिला का पति इसका विरोध करता था। उसने भी सौरभ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना।
आठ दिन पूर्व प्रेमिका के भाई के साथ सौरभ की मारपीट भी हुई थी। उन्होंने बताया कि बुधवार की शाम कमल प्रेमिका और उसके पति को छोड़ने के लिए औरैया जिले के एक कस्बा जाने की बात कहकर बाइक से निकला था। लेकिन घर वापस नहीं लौटा।
फोन करने पर तीनों के मोबाइल स्विच ऑफ बताते रहे। बाद में जब पुलिस ने सूचना दी तो वह यहां आए। पिता का आरोप है कि प्रेम प्रसंग के चलते ही उसके पुत्र की जलाकर हत्या की गई। जबकि पुलिस करंट से जलकर मरने की बात कह रही है।
खारिज हुआ पुलिस का तर्क
पिता ने पुलिस का तर्क खारिज किया कि जिस स्थान पर उसका शव पड़ा था, वहां सीमेंट का पोल है। सीमेंट के पोल में करंट उतरना संभव नहीं है। इसके अलावा करंट और किसी ज्वलनशील पदार्थ से जलने की स्थिति भी अलग अलग होती है।
थानाध्यक्ष मोहित यादव ने बताया कि ऐसा लगता है कि पोल से बाइक टकराई और उसमें करंट उतरने से युवक की मौत हो गई। असलियत तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही सामने आएगी।