लखनऊ के माल थाना क्षेत्र के बसंतपुर में महिला की हत्या कर बाग में दफनाया गया शव रातोंरात गायब हो गया। एसओ के पहुंचने से पहले बाग में गड्ढे के पास बिखरे महिला के बाल व कपड़े भी गायब कर दिए गए। एसएसपी ने एएसपी ग्रामीण को जांच सौंपी है।
एसओ वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि बसंतपुर में अजीत सिंह के बाग में महिला का शव गाड़े जाने की सूचना पर रविवार देर शाम सिपाहियों को भेजा गया था। उन्होंने दुर्गंध महसूस की और कपड़े व बाल पड़े होने की जानकारी दी थी।
इस पर वह खुद टीम लेकर सोमवार सुबह बसंतपुर पहुंचे। बाग में सब सामान्य था। महिला के कपड़े या बाल कुछ भी नहीं पड़ा था। मामूली सी दुर्गंध महसूस हुई। कुछ खास न मिलने पर टीम के साथ लौटे एसओ ने मामला फर्जी बताया।
लकड़ी बीनने गई महिलाओं ने रविवार शाम आवारा कुत्तों को गड्ढा खोदकर उसमें दफन महिला के पैर व कपड़े नोचते देखकर शोर मचाया था। इस पर भीड़ उमड़ी और पुलिस को सूचना दी गई। इसके साथ मीडियाकर्मियों को भी भनक लगी। मीडियाकर्मी कैमरा लेकर मौके पर पहुंचे। इस बीच दो पुलिसकर्मी भी आ गए। उन्होंने बाग में एक स्थान पर कुत्तों को नोचखसोट करते देखा।
ताजी मिट्टी कर रही खोदकर शव निकाले जाने का इशारा
मीडियाकर्मियों ने बिखरे बाल, कपड़े व गड्ढे के फोटो खींचे। माजरा समझने के साथ सिपाहियों ने एसओ को जानकारी दी। एसओ ने मीडियाकर्मियों से सुबह गड्ढे से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम कराने और पड़ताल की बात कही। महिला की हत्या करके शव दफनाए जाने की आशंका के बावजूद मामले को सुबह पर टाल दिया।
सूत्रों ने जानकारी दी कि मीडियाकर्मियों के लौटने के कुछ देर बाद बाग में चहलपहल महसूस की गई और सुबह सब कुछ सामान्य था। जिस स्थान पर कुत्ते झपट रहे थे। वहां ताजी मिट्टी नजर आ रही थी, जो गड्ढे में दफनाए शव को निकालकर दोबारा पाटे जाने का इशारा कर रही थी।
मामले पर एसएसपी दीपक कुमार का कहना है कि महिला की हत्या करके शव बाग में गाड़े जाने की ‘अमर उजाला’ की खबर पर एसओ माल से पूछताछ की। एसओ ने बाग में सब सामान्य होने की बात कही। इस पर एएसपी ग्रामीण डॉ. सतीश कुमार को मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।