700 फीट उंची इस पहाड़ी पर बना यह हॉरर टर्न एक बार फिर से एक व्यक्ति की जान ले गया। वजह वही, अंधेरे के वक्त इस हॉरर टर्न पर तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई और पलटियां खाकर गहरी खाई में करीब 30 फीट पर चली गई। हादसे में कार के ड्राइवर की मौत हो गई।
यह हादसा हुआ राजधानी जयपुर में नाहरगढ़ की पहाड़ी पर। जहां आज तड़के एक तेज रफ्तार कार जयगढ़ से नाहरगढ़ किले की तरफ जाने वाली रोड पर अनियंत्रित होकर 30 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक श्याम हांडा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
सूचना मिलने पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस और दुर्घटना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त कार को खाई से बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाला श्याम हांडा देर रात कार किराए पर लेकर अपने दोस्तों के साथ जयपुर घूमने आया था।