लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के देवी खेड़ा जंगल में बदमाशों ने शुक्रवार रात गैंगरेप के बाद एक युवती की गला घोंटकर हत्या कर दी। अर्धनग्न शव के पास युवती का पर्स, चप्पल के साथ शराब के क्वाटर, बीयर के खाली केन, सिगरेट के खाली पैकेट, ताश के पत्ते व खाली पैकेट पड़े थे। पर्स में सौंदर्य प्रसाधन के साथ रुपये व संदिग्ध वस्तुएं निकली हैं। आशंका है कि जुआरियों ने जाम लड़ाने के बाद वारदात अंजाम दी।
एसओ पीजीआई अरविंद कुमार पांडेय के मुताबिक, अवधनगर तेलीबाग निवासी विशाल गुप्ता सुबह 10:45 पर देवी खेड़ा जंगल में तालाब किनारे गया था, जहां पेड़ के नीचे युवती का अर्धनग्न शव औंधे मुंह पड़ा देखकर पुलिस को सूचना दी। करीब 38 वर्षीय महिला के तन पर रानी कलर की लैगी व सफेद फूलदार गुलाबी टी-शर्ट थी।
कुछ दूर पर उसके चप्पल व पर्स पड़ी थी। पर्स में 45 सौ रुपये, दो लिपस्टिक, बिंदिया, होटल के कार्ड व संदिग्ध वस्तुएं थीं। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या व साक्ष्य मिटाने का मुकदमा दर्ज करके शव मॉर्च्युरी भिजवाया। इस बीच दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। जंगल में केबल के तार का टुकड़ा मिला है। माना जा रहा है कि इसी से युवती का गला घोंटा गया।
पीजीआई-आशियाना पुलिस में सीमा विवाद
जंगल में युवती से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की खबर से तेलीबाग इलाके में दहशत फैल गई। इस बीच एसओ पीजीआई अरविंद कुमार पांडेय व एसओ आशियाना संतोष तिवारी अपनी टीम के साथ पहुंचे। दोनों थानों की पुलिस में सीमा विवाद के बीच सीओ कैंट हरेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर पीजीआई पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए।
जांच शुरू हुई, युवती का मोबाइल गायब
मोहनलालगंज कांड की तरह तेलीबाग में वारदात की सूचना पर एसएसपी राजेश कुमार पांडेय आननफानन मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट व डॉग स्क्वाएड बुलाने के आदेश दिए। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने शराब के क्वाटर, बीयर के केन व अन्य वस्तुओं से अंगुलियों की छाप उतारी।
युवती का मोबाइल गायब
मोबाइल से शिनाख्त की संभावना के चलते पुलिस ने युवती का पर्स व आसपास का इलाका खंगाला। लेकिन मोबाइल गायब था। बदमाशों द्वारा मोबाइल साथ ले जाने या तालाब में फेंकने की आशंका जताई जा रही है।
चारबाग-लालबाग में भटक रही पुलिस
युवती का हुलिया व उसके पर्स से मिली वस्तुओं को लेकर पुलिस को चारबाग व लालबाग इलाके में भ्रमण करने वाली महिलाओं की मदद से शिनाख्त की उम्मीद दिखी। पुलिसकर्मियों ने अपने मोबाइल फोन के कैमरे से युवती के चेहरे के फोटो खींचे।
तेलीबाग चौकी इंचार्ज विनोद कुमार सिंह के साथ सिपाहियों ने चारबाग व लालबाग इलाके में महिलाओं के साथ पान व चाय के दुकानदारों, टेम्पो-ऑटो चालकों से संपर्क किया। लोगों ने युवती को देखे जाने की पुष्टि की लेकिन, उसका नाम-पता नहीं बता सके।
इलाके के ही बिगड़ैल युवकों के बारे में छानबीन
पड़ताल करने पहुंची क्राइम ब्रांच ने शराब और सिगरेट के ब्रांड से कातिलों की हैसियत आंकी और इलाके के बिगड़ैल युवकों के बारे में छानबीन शुरू कराई है। इसी तरह पर्स में मिले सामान के आधार पर युवती की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
एएसपी क्राइम अशोक कुमार वर्मा ने मौका मुआयना करने के साथ बरामद वस्तुओं का निरीक्षण किया। शराब व सिगरेट सस्ती कीमत वाली थी। युवती के पर्स से मिली लिपस्टिक व अन्य वस्तुएं भी मामूली कीमत की बताई गई। युवती की चप्पल भी महंगी नहीं थी।
मेन रोड से सटे जंगल में 50 मीटर दूर तालाब किनारे पेड़ के नीचे का साफ-सुथरा स्थान बता रहा था कि कातिल न सिर्फ उससे वाकिफ थे, बल्कि पहले भी उनका आवागमन रहा था।
हाईप्रोफाइल नहीं हैं कातिल
घटनास्थल से एक लेडीज अंगूठी मिली जो आर्टिफिशियल बताई जा रही है। पड़ताल की जा रही है कि अंगूठी मारी गई युवती की थी या किसी अन्य की। निरीक्षण के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने तय किया कि कातिल हाई प्रोफाइल नहीं, बल्कि मध्यम वर्ग या उससे कम की हैसियत के थे।
क्राइम ब्रांच के साथ आशियाना व पीजीआई थाने की टीम को इलाके के बिगड़ैल युवकों के बारे में छानबीन के आदेश दिए गए हैं। सड़क के दोनों तरफ चाय व पान के दुकानदारों से जंगल में आनेजाने वाले लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
इसके साथ तेलीबाग, देवी खेड़ा व आसपास के गांवों में जुआरियों का पता लगाने के साथ अंडरग्राउंड लोगों का पता लगाने के लिए मुखबिरों का जाल बिछाया गया है।
सर्विलांस से पड़ताल
युवती की पहचान व कातिलों का पता लगाने के लिए सर्विलांस सेल को शुक्रवार शाम से रात तक देवी खेड़ा जंगल में तालाब किनारे सक्रिय रहे मोबाइल फोन का ब्यौरा जुटाने को कहा गया है। इसमें संदिग्ध नंबरों को राडार पर लेकर तहकीकात की जाएगी।