राजधानी लखनऊ के कैसरबाग इलाके में बुधवार रात सादे कपड़ों में मोटरसाइकिल लेकर निकले सिपाही ने भाई के साथ जा रही युवती की बाइक को टक्कर मारी और युवती से छेड़खानी करने लगा। विरोध पर पिस्टल तान दी।
भाई-बहन ने राहगीरों की मदद से उसे पकड़ा और पिकेट ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों से मदद मांगी। पुलिसकर्मियों ने भाई-बहन की पिटाई करके सिपाही को छुड़ाया।
इससे आक्रोशित भीड़ ने कैसरबाग चौराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। एएसपी व सीओ कई थानों की पुलिस लेकर मौके पर पहुंचे।
लालबाग इलाके की इस युवती ने बताया कि वह रात 10:45 बजे अपने भाई के साथ सब्जी मंडी की तरफ जा रही थी। रास्ते में मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्ति पास से गुजरे।
उन्होंने उसके भाई की बाइक को टक्कर मारी। इसके साथ मोटरसाइकिल सवार युवक दुपट्टा खींचते हुए छेड़खानी करने लगा। शोर मचाते हुए बाइक से कूदी युवती ने युवक को पकड़ने के साथ शोर मचाया।
पुलिस वालों ने उल्टे भाई-बहन को ही पीट दिया
छेड़खानी करने वाले युवक ने पिस्टल तानकर धमकी दी। इस बीच युवती के भाई ने पिकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मदद मांगी। उन्होंने सादे कपड़े में सिपाही को पहचानते ही उसे छुड़ाने के लिए दोनों की पिटाई शुरू कर दी और साथी को छुड़ाकर कैसरबाग कोतवाली पहुंचा दिया।
इस बीच चीख-पुकार सुनकर कैसरबाग सब्जी मंडी से भीड़ दौड़ पड़ी। छेड़खानी के आरोपी व उसकी मदद करने वाले सिपाहियों को निलंबित करने की मांग को लेकर चौराहे पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हालात बिगड़ते देख इंस्पेक्टर कैसरबाग ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। थोड़ी देर में एएसपी सिटी पश्चिम अजय कुमार व सीओ कैसरबाग मौके पर पहुंचे। कैसरबाग की सभी चौकियों के साथ अमीनाबाद, नाका, वजीरगंज, हुसैनगंज समेत कई थानों की पुलिस व पीएसी बुलाई।
एएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर प्रदर्शन खत्म कराने की कोशिश की। नतीजा न निकलते देख उन्होंने छेड़खानी के आरोपी व पिकेट ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों को कैसरबाग कोतवाली में तलब करके तहकीकात शुरू की।