रियाद से लखनऊ पहुंची फ्लाइट से कस्टम की टीम ने एयरपोर्ट पर 2.33 किलो सोना बरामद किया, जिसकी कीमत एक करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक है। शातिर तस्कर सोने को ट्रांसफॉर्मर में छिपाकर ला रहा था। मामले की पूछताछ की जा रही है।
चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर लॉकडाउन हटने के बाद सोने की तस्करी के मामले भी आने शुरू हो गए हैं। हालांकि, इस वर्ष तस्करी के आधा दर्जन से ज्यादा मामले एयरपोर्ट कस्टम की टीम ने पकड़े हैं। इसी क्रम में सोमवार को रियाद से लखनऊ आने वाली इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-5424 से उतरे पैसेंजर के पास से कस्टम की टीम ने 2.33 किलोग्राम सोना बरामद किया। इसकी कीमत 1,17,56,400 रुपये आंकी गई है।
कस्टम उपायुक्त निहारिका लाखा ने बताया कि शातिर तस्कर ने सोने के चार बिस्कुटों को काले रंग केसेलो टेप और कार्बन पेपर में लपेटा हुआ था। जिसे आटो ट्रांसफॉर्मर में छिपाया हुआ था और उसे कार्टन में कम्बल के साथ रखकर ला रहा था। कस्टम की टीम ने यह कार्रवाई आयुक्त वेद प्रकाश शुक्ल के निर्देशन में की। चेकिंग में शैलेंद्र शुक्ल, विमल श्रीवास्तव, अमित वर्मा, नीलम सिन्हा शामिल रहीं।
पहले भी पकड़े हैं मामले
-6 मार्च को एयरपोर्ट पर कस्टम ने 1.50 करोड़ का सोना पकड़ा
-2 मार्च को 33.32 लाख रुपये का सोना दबोचा गया
-1 मार्च को 7.76 लाख रुपये का सोना धरा गया
-14 फरवरी को 1.49 लाख रुपये का सोना कस्टम ने पकड़ा