अखंडनगर-कादीपुर सड़क मार्ग पर देर रात घर लौट रहे व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार कुछ दिनों पहले उसे जान से मारने की धमकी दी गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के पौधनरामपुर निवासी जितेंद्र उर्फ पिंटू सिंह (40) सोमवार देर रात किसी काम से घर से कादीपुर जा रहे थे। वे अखंडनगर-कादीपुर मार्ग पर रघुवीर नगर के पास पहुंचे ही थे कि तभी कुछ लोगों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। भीड़ ने हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों को उग्र होता देख कई थानों की पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस के समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर गांव के ही दो नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों नामजद को हिरासत में ले लिया है।
घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के बेटे आदर्श (14) ने पुलिस को बताया कि हफ्ते भर पूर्व कुछ लोगों ने उसके घर आकर धमकी दिया था कि अपने बाप को समझा लो वरना अंजाम भुगतना। पूरे मामले को हाल ही में हुई एक कहासुनी की घटना से जोड़ा जा रहा है।