रायबरेली के नसीराबाद थाना क्षेत्र में पति ने अपनी 13वीं पत्नी की गला दबाकर हत्याकर दी और फिर उसका शव झाड़ियों में फेंक दिया गया। मृतका के पिता की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पति को दबोच लिया है। मृतका के पिता का कहना है कि आरोपी ने अपना 14वां निकाह भी कर लिया है।
नसीराबाद थाना क्षेत्र के झूलामऊ गांव के पास एक झाड़ी में महिला की लाश मिलने की सूचना पर एसओ नसीराबाद बृजमोहन सिंह ने शव को कब्जे में लिया।
मृतका के पिता जायस कोतवाली क्षेत्र के पूरे जयसिंह मजरे हेमराज सिंह गांव के मो. सत्तार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि तीन-चार वर्ष पहले फुरसतगंज थाना क्षेत्र के काले का पुरवा मजरे तेंदुवा गांव निवासी मो. मुस्तकीम ने उसकी पुत्री रेशमा (24) के साथ प्रेम विवाह किया था। दोनों से एक तीन माह का बेटा भी है।
पिता का कहना है कि मुस्तकीम मंगलवार (03 अक्टूबर) सुबह उसके घर आया और कहा कि अपनी लड़की को घर ले आओ, हम नहीं रखेंगे। उसके बाद सूचना मिली कि पुत्री की लाश झूलामऊ गांव के पास एक झाड़ी के पास पड़ी है।