दुकान बंद कर घर जा रहे युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा सोमवार की देर रात अयोध्या लखनऊ हाईवे पर रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र बड़ेला नारायणपुर के समीप हुआ। थाना क्षेत्र के पूरे नेहाल गांव निवासी रंजीत (25) हाईवे पर स्थित एक ढाबे के समीप अंडे की दुकान लगाता है।
हमेशा की तरह सोमवार को भी देर रात रंजीत दुकान बंद कर अपने घर जा रहा था। इसी दौरान अयोध्या की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। यह देख स्थानीय लोगों ने उसे इलाज के लिए सीएससी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसकी नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया।
इसकी सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं, हादसे में युवक की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।