उस पर चोरी का आरोप था, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कि लेकिन उसे इतना प्रताड़ित किया कि उसने खुद ही मौत चुन ली। बाराबंकी की देवां कोतवाली अंतर्गत कस्बा बिशुनपुर निवासी एक युवक ने शुक्रवार को फांसी लगाकर जान दे दी।
परिवारीजनों ने चोरी के एक मामले को लेकर पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। सीओ सिटी का कहना है कि मृतक के परिवारीजनों की ओर से जो भी आरोप लगाए गए हैं उसकी जांच कर यदि किसी पुलिसकर्मी का दोष मिला तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
युवक की मौत के बाद उसकी पत्नी सदमे में आ गई जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं देर शाम पुलिस ने इस मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर उस व्यक्ति के खिलाफ ही आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है जिसके घर में चोरी हुई थी।
चोरी का था आरोप
देवां कोतवाली क्षेत्र के ग्राम विशुनपुर निवासी पिंकल रावत (25) पुत्र रामचंदर ने शुक्रवार की देर रात अपने घर में ही फांसी लगाकर जान दे दी।
परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक पिंकल रावत मूलरूप से ग्राम भैसुरियां कोतवाली फतेहपुर का निवासी था और बीते 15 वर्षों से वह विशुनपुर में अपने बहनोई सहजराम के घर पर रहकर गांव में ही एक होटल पर नौकरी करता था।
मृतक के बहनोई सहजराम ने पुलिस प्रताड़ना का आरोप लगाया। उसने सीओ को बताया है कि विशुनपुर कस्बे में 27 मार्च को देशराज वर्मा के घर चोरी हुई थी जिसके बाद देशराज ने इस चोरी का शक पिंकल पर जाहिर किया था।
इसके बाद पुलिस पिंकल को कई बार कोतवाली पकड़कर ले गई पर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
पत्नी अस्पताल में भर्ती
आरोप है कि शुक्रवार को पुलिस पिंकल को कोतवाली देवां ले गई और उससे दिनभर पूछताछ की और रात नौ बजे उससे कहा कि घर जाओ लेकिन शनिवार सुबह फिर कोतवाली आ जाना।
बार-बार पुलिस की डांट और पूछताछ से पिंकल आजिज आ चुका था। इसी के बाद पिंकल अपने घर पहुंचा और वहां फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पति की मौत की खबर सुनते ही पिंकल की पत्नी पुष्पा जो कि इस समय गर्भवती भी है, सदमे में आ गई और गंभीर रूप से बीमार हो गई।
परिवारीजनों ने उसे शनिवार सुबह देवां सीएचसी में भर्ती करवाया है। वहीं युवक की मौत के बाद गांव के लोग भी काफी आक्रोशित हैं।
आत्महत्या के लिए उकसाया
सभी कह रहे हैं कि पुलिस यदि पिंकल को इतना परेशान न करती तो वह फांसी न लगाता। इस मामले में अपना बचाव करते हुए देवां पुलिस ने देर शाम मृतक के भाई सबलू की तहरीर पर चोरी के भुक्तभोगी देशराज वर्मा के खिलाफ ही पिंकल को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
देवां कोतवाल रामजी यादव का कहना है कि शुक्रवार की रात जब पिंकल कोतवाली से घर गया तो देशराज वर्मा ने उसे गांव के बाहर बुलाकर काफी धमकाया था जिसके बाद उसने फांसी लगाकर जान दी है। कोतवाल ने कहा कि मृतक के भाई द्वारा दी गई तहरीर पर पुलिस ने देशराज के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने व हरिजन एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
इस पर सीओ सिटी विशाल विक्रम सिंह का कहना है कि देवां कोतवाली क्षेत्र के विशुनपुर गांव के जिस युवक ने फांसी लगाकर जान दी है। उस पर चोरी करने का शक था जिस पर पुलिस ने उसको पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया था उसके बाद वह अपने घर चला गया था।
इस मामले में मृतक के परिवारीजनों की ओर से पुलिस प्रताड़ना के आरोप लगाए जा रहे हैं उसकी मेरे द्वारा जांच की जा रही है। यदि इसमें किसी पुलिसकर्मी का दोष मिलता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।