मानकनगर में दो टप्पेबाजों ने शनि का प्रकोप और कष्टों से निजात दिलाने की बात कहकर बुजुर्ग दंपती से तीन लाख रुपये के गहने उतरवा लिए। जेवरों से भरी पोटली के बदले कंकड़-पत्थर से भरी थैली थमाकर टप्पेबाज भाग निकले। एसओ मानकनगर ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। टप्पेबाजों की तलाश की जा रही है।
पारा के ढोंढाखेड़ा निवासी लल्लन सिंह ब्रिज वर्कशॉप में मशीन मैन पद से रिटायर हैं। पत्नी फूलमती के साथ वह सुबह इंदौर हॉस्पिटल जा रहे थे। पड़ोसी ने उन्हें अपनी कार से आरडीएसओ में केंद्रीय विद्यालय के पास तक लिफ्ट दे दी।
इसके बाद पति-पत्नी पैदल ही अस्पताल जा रहे थे। तभी बलखंड रोड किनारे एक अजनबी युवक ने उन्हें रोका और पैर छूते हुए कहा कि उसकी मां को फॉलिस का अटैक पड़ गया है।
यहां आसपास हरिद्वार के पुजारी बाबा रहते हैं, जो बड़ी-बड़ी बीमारियां ठीक कर देते हैं। इसी बीच वहां एक पंडित जी आ गए। अजनबी युवक ने उसके भी पैर छुए और बखान करने लगा।