लखनऊ में गुडंबा में पलका नहर के पास रविवार सुबह मो. नादिर (25) का शव खून से लथपथ मिला। पुलिस के मुताबिक, नादिर की ईंट से कूंचकर हत्या की गई है। मृतक पेशे से बढ़ई था। परिवारीजनों ने उसके ही एक साथी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक ,नादिर की हत्या प्रेम-त्रिकोण में की गई है।
गुडंबा के भाखामऊ गांव में मो. नादिर अपने चार भाइयों और मां सईदुनजहां के साथ रहता था। नादिर बढ़ई का काम करता था। नादिर के भाई आरिफ के मुताबिक, नादिर शनिवार शाम करीब छह बजे कुछ सामान लेने के लिए बेहटा बाजार गया था। उसके साथ गांव के तौफीक उर्फ भदउवा को भी देखा गया। इसके बाद नादिर वापस घर नहीं लौटा। परिवारीजनों ने उसकी तलाश भी की पर कोई सुराग नहीं लगा।
रविवार सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों ने पलका नहर के पास बाजपेई के खेत में नादिर का खून से लथपथ शव पड़ा देखा तो परिवारीजनों को खबर दी। खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। नादिर अपने परिवार में सबसे छोटा था। इलाके के लोग उसके घर पर जमा हो गए। नादिर के परिवार में भाई आरिफ , खालिक, हाशिम, कादिर और मां सईदुनजहां हैं। बढ़ई नादिर की हत्या के मामले में उसके भाई आरिफ ने तौफीक उर्फ भदउवा व उसके अन्य साथियों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
शराब पीने के बाद विवाद, फिर ईंट से किया वार
एडीसीपी उत्तरी प्राची सिंह के मुताबिक, हत्या का केस दर्ज करने के करीब पांच घंटे के अंदर ही आरोपी तौफीक उर्फ भदउवा को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में तौफीक ने कुबूला कि नादिर और वह एक ही युवती से प्यार करते थे। बीती रात दोनों ने पलका नहर के पास शराब पी और फिर त्रिकोणीय प्रेम-प्रसंग को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी विवाद के दौरान तौफीक ने नादिर की ईंट से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।