मलिहाबाद में रहीमाबाद के जुगराजगंज में शनिवार देर रात प्रेमिका से मिलने पहुंचे रोहित (20) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। प्रेमिका के घर केपास उसका शव खून से लथपथ पड़ा मिला। पुलिस के मुताबिक, युवती के चचेरे भाइयों ने घर से रोहित को दीवार फांदकर जाते देख लिया था जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया। पुलिस, प्रेमिका के भाइयों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, माल के काकराबाद निवासी रोहित का रहीमाबाद के जुगराजगंज गांव निवासी एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार देर रात वह उससे मिलने पहुंचा। मुख्य दरवाजा बंद होने के कारण रोहित दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुआ। इस दौरान उसने अपनी बाइक घर के बाहर दीवार से सटाकर खड़ी कर दी थी जिसे देखते ही युवती के भाइयों को संदेह हुआ। वहीं एक भाई ने उसे दीवार फांदते हुए देख लिया था।
इसके बाद उसने गुस्से में आकर चाकू से दोनों भाइयों ने रोहित के गले पर ताबड़तोड़ कई वार किए। रोहित की हत्या कर दोनों आरोपी वहां से भाग गए। इसके बाद युवती ने ही मृतक के मोबाइल से सारी जानकारी रोहित के भाई बिपिन को दी। रोहित के परिजनों ने रहीमाबाद पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती से पूछताछ की तो उसने पूरी घटना सिलसिलेवार बता डाली। युवती का कहना था कि उसने भाइयों को रोहित की हत्या करने से रोका था लेकिन गुस्से में वे दोनों नहीं माने।
मुर्गी फॉर्म पर सोने की बात कहकर निकला था
पिता जगदीश के मुताबिक, शनिवार रात रोहित मुर्गी फॉर्म पर सोने की बात कहकर घर से निकला था। उनके मुताबिक, युवती और रोहित के बीच पहले से संबंध थे। इस बात की जानकारी दोनों परिवारों को थी। शादी के लिए रिश्ता भी भेजा गया था लेकिन बात नहीं बनी थी। इसके बाद जगदीश ने बेटे को युवती से मिलने के लिए मना किया था। जगदीश का आरोप है कि युवती रोहित को फोन कर मिलने के लिए बुलाती थी। पिता के अनुसार, शनिवार रात भी युवती के कहने पर ही रोहित उसके घर पहुंचा था।
प्रेमिका के दो भाइयों की तलाश
एसपी ग्रामीण हृदेश कुमार के मुताबिक, वारदात स्थल का निरीक्षण किया। सारे जरूरी साक्ष्य जुटाए गये हैं। रोहित के परिवारीजनों की तहरीर पर युवती के चचेरे भाइयों अमित व अभिषेक कुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। दोनों की तलाश में इंस्पेक्टर मलिहाबाद नित्यानंद सिंह की टीम दबिश दे रही है।