फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आठवीं के छात्र ने तीसरी के छात्र को दी दर्दनाक मौत

Mon, 30 Mar 2015 09:50 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला,लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
मड़ियांव इलाके में आठवीं कक्षा के छात्र ने 230 रुपये के तगादे पर तीसरी कक्षा के छात्र को बेरहमी से मार डाला। हत्या के बाद चुपचाप घर जा पहुंचा। सुबह बच्चे की तलाश शुरू होने पर वह साइकिल से पुलिस बूथ पर पहुंचा और अपना जुर्म कुबूल लिया।
विज्ञापन


पुलिस ने दो अन्य लड़कों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। इधर, मारे गए छात्र के परिवारीजनों ने पहचान मिटाने के लिए उसके चेहरे पर तेजाब डाले जाने का शक जताया है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कुत्तों के नोचने की बात सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, मड़ियांव के गांव नया दाउदनगर का रहने वाला 13 साल का अंकित शनिवार शाम छह बजे अपने हमउम्र दोस्त शुभम (परिवर्तित नाम) से मिलने की बात कहकर घर से निकला था।
विज्ञापन

ईंट से बुरी तरह कुचला सिर और चेहरा

अंकित के रात तक घर न लौटने पर पिता छोटेलाल ने तलाश शुरू की। कुछ पता न चलने पर उन्होंने शुभम के घर जाकर पूछा। उसने अंकित के बारे में जानकारी से इन्कार कर दिया।

छोटेलाल रविवार सुबह अपने बेटे की तलाश में निकले ही थे कि प्राथमिक विद्यालय के पास प्लॉट में अंकित का शव पड़ा होने की जानकारी हुई। परिवारीजनों को साथ लेकर मौके पर पहुंचे।

अंकित का सिर व चेहरा बुरी तरह कुचला था। पास में खून से सनी ईंटें व बड़ा सा पत्थर पड़ा था। छोटेलाल ने शव की शिनाख्त करने के साथ शुभम पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी।

मड़ियांव पुलिस की टीम ने शुभम के घर दबिश दी। इस बीच साइकिल लेकर घर से निकला शुभम आननफानन में यादव चौराहा के पास पुलिस बूथ पर पहुंचा और जुर्म कुबूल करने के साथ खुद को पुलिस के हवाले कर दिया।

दोस्त बना हैवान, सिर पर थे तीन गहरे घाव

डॉक्टरों ने शव के पोस्टमार्टम में पाया कि सिर पर तीन गंभीर चोटों से अंकित की मौत हुई थी। सिर व चेहरे से निकले खून को आवारा कुत्तों ने चाटने के साथ सिर व चेहरे को नोंचा। इससे सिर व चेहरा झुलसा जैसा नजर आ रहा था। इंस्पेक्टर मड़ियांव थाना प्रभारी का कहना है कि हत्या का मुकदमा दर्ज करके आरोपी को अभिरक्षा में ले लिया गया है।

शुभम ने कुबूला कि महीना भर पहले उसने अंकित से 230 रुपये उधार लिए थे। जुए में हारने की वजह से वह रकम लौटा नहीं पाया। अंकित कई दिन से तगादा कर रहा था। शनिवार शाम वह फिर तगादा करने आया।

इस बार उसने रुपये न लौटाने पर अपने चाचा से पिटवाने की चेतावनी दी। बात बिगड़ता देख शुभम ने अंकित से हिसाब जल्द चुकता करने को कहा और उसे साइकिल पर बैठाकर स्कूल के पास खाली प्लॉट में ले गया।

वहां भी दोनों के बीच तीखी झड़प हुई। शुभम ने अंकित के सिर पर ईंट से वार दिया। घायल होकर गिरते ही उसके सिर व चेहरे को कूंच डाला।
विज्ञापन

पेशेवर अपराधियों की तरह हर सवाल का दिया जवाब

शुभम ने पुलिस को बताया कि शाम 7:45 बजे उसने अंकित की हत्या की और लोगों की नजरों से बचते हुए घर पहुंचा। खाना खाने के बाद परिवारीजनों के साथ टीवी देखा, फिर चारपाई पर लेटा, लेकिन पूरी रात जागता रहा।

उसे मालूम था कि शव मिलने पर अंकित के परिवारीजन उसी पर आरोप लगाएंगे। इसलिए उसने खुद को पुलिस के हवाले करने का इरादा बनाया। सुबह शव मिलने की खबर फैलते ही घर से निकला और पुलिस बूथ पर जा पहुंचा।

पुलिस बूथ पर शुभम ने जुर्म कुबूलने के साथ ही वारदात की जो कहानी बताई उसे सुनकर पुलिस कर्मी सन्न रह गए। पुलिसकर्मियों का कहना है कि शुभम पेशेवर अपराधियों की तरह हर सवाल का जवाब देता रहा और खून से सनी ईंटें व पत्थर भी बरामद कराया।

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि शुभम उग्र स्वभाव का है। उसने साल भर पहले एक सहपाठी की अंगुली चबा डाली थी। गांव के लड़कों से अक्सर झगड़ा करता रहता था। जुएं की लत के चलते उसने अंकित के अलावा अन्य लड़कों से भी उधार लिए थे। उसका पिता कपड़ों की सिलाई का काम करता है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें