मनीमाजरा निवासी एक व्यक्ति के दो दोस्तों ने अपहरण की झूठी कहानी रचकर दोस्त की पत्नी से फिरौती मांगी। महिला का पति दो दिनों से लापता है और उसने पति के इन्हीं दोनों दोस्तों को यह बात बताई थी।
इसी का फायदा उठाकर पैसे ऐंठने के लिए दोनों ने अपहरण की कहानी रच दी। पति के अगवा होने की बात सुनकर उसने पुलिस से शिकायत की और पुलिस ने सिविल ड्रेस में ट्रैप लगाकर आरोपियों को दबोच लिया।
बहरहाल, कोर्ट ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। आरोपियों की पहचान मोहाली फेज-3-बी-1 निवासी यशमीन और चंडीगढ़ सेक्टर-45 निवासी असीम के रूप में हुई है।
दो दिन से लापता था महिला का पति
जानकारी के अनुसार, रचना का पति निखिल दो दिनों से लापता है। आरोपियों ने फोन कर कहा कि यदि उन्हें 12 हजार रुपये नहीं दिए गए तो निखिल को जान से मार देगा।
रचना ने इतने पैसे जुटाने में असमर्थता जताई, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक न सुनी। महिला सेक्टर-26 भी गई, जहां निखिल काम करता था, लेकिन यहां कुछ अता-पता नहीं चलने पर अपहरण का शक गहराया और उसने सेक्टर-26 थाने में शिकायत दी।
पुलिस ने रणनीति के तहत रचना से आरोपियों को फोन करवाकर पैसे लेने के लिए सेक्टर-27/19 लाइट प्वाइंट के पास बुलाया और थाना पुलिस भी सिविल ड्रेस में ट्रैप लगाया। दोनों आरोपी जैसे ही पैसे लेने लगे, पुलिस ने धर दबोचा।
आरोपियों ने पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में कहा कि रचना ने उन्हें फोन कर बताया था कि निखिल का दो दिनों से कुछ अता-पता नहीं है। इसलिए उन्होंने निखिल को अगवा करने की झूठी कहानी रची।