दुष्कर्म मामले में वित्त मंत्रालय के दो अफसरों पर केस दर्ज करने का आदेश
फैजाबाद। शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में सीजेएम राजेश पाराशर ने वित्त मंत्रालय के दो असिस्टेंट सेक्शन अफसरों समेत 4 के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश दिया है। पीड़िता फैजाबाद की रहने वाली है। एक आरोपी फैजाबाद का फतेहगंज निवासी अनूप साहू व दूसरा आरोपी बिहार के पटना के थानाक्षेत्र मसौढ़ी के तारेगना का रहने वाला अविनाश कुमार है।
पीड़िता के अनुसार अनूप साकेत महाविद्यालय में बीएड में उसका सहपाठी था। अनूप ने उसे अपने दोस्त अविनाश के साथ शादी का प्रस्ताव दिया तो युवती गत वर्ष 3 जून को अनूप के जन्मदिन पर उसके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंच गई। पहली ही मुलाकात में अनिवाश ने शादी के लिए हामी भर दी और अंगूठी भी पहना दिया। युवती का आरोप है कि जन्मदिन की पार्टी के बाद अनूप ने उसे अविनाश के घर भेज दिया। वहां अविनाश ने जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और बेहोश होने पर दुष्कर्म किया। युवती पटना स्थित उसके घर गई तो अविनाश के पिता राजकुमार व मां ने 25 लाख दहेज देने पर ही शादी की बात कहकर भगा दिया। उसने नगर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराने की अर्जी दी। केस दर्ज नहीं हुआ तो पीड़िता कोर्ट पहुंच गई।