अमृतसर से हावड़ा जाने वाली अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस के एक स्लीपर कोच में रविवार को तीन बैग में भरकर ले जाए जा रहे 133 कछुओं को जीआरपी ने बरामद किया। एक कछुुआ तस्कर भी पकड़ा गया है।
ट्रेनों से कछुओं की तस्करी की घटनाएं लगातार हो रही हैं। रविवार को अमृतसर-हावड़ा डाउन एक्सप्रेस शाम सवा पांच बजे दो घंटे की देरी से सुल्तानपुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची। जीआरपी थानाध्यक्ष नौशाद अहमद के नेतृत्व में जीआरपी की टीम ट्रेन के एस-5 कोच में पहुंची। जीआरपी को बोगी में एक व्यक्ति व उसके साथ खड़ी महिला के पास रखे तीन बड़े बैग को देखकर संदेह हुआ। संदेह के आधार पर बैग खोले तो उनमें कछुए बरामद हुए। आरोपी को लेकर जीआरपी थाने पर पहुंची। उनसे काफी देर तक पूछताछ की गई।
जीआरपी ने कछुए मिलने की सूचना वन विभाग को दी। वन क्षेत्राधिकारी अमरजीत मिश्र मौके पर पहुंच गए। इस बीच युवक की शिनाख्त सूरज कंजड़ निवासी गांधीनगर थाना जगदीशपुर जनपद अमेठी के रूप में हुई। जीआरपी ने वन विभाग के अधिकारियों की सुपुर्दगी में कछुओं को दिया है। जीआरपी के मुताबिक आरोपी युवक कछुओं को लेकर पश्चिम बंगाल जाने की फिराक में था। हिरासत में ली गई महिला के बारे में जीआरपी ने जानकारी देने से इन्कार किया है।
दो दिन पूर्व मिले थे 159 कुछए
कुंभ डाउन एक्सप्रेस में शुक्रवार को 159 कछुए बरामद हुए थे। हालांकि उस समय कोई भी तस्कर नहीं पकड़ा गया था। रविवार को एक बार फिर कछुए बरामद होने के बाद स्टेशन पर हड़कंप मच गया। ट्रेनों से कछुआ तस्करी की घटनाओं ने जीआरपी की नींद उड़ा दी है। इसके चलते जीआरपी सुल्तानपुर से होकर गुजरने वाली ट्रेनों में नियमित चेकिंग कर रही है।