बलरामपुर। शराब कारोबारियों पर प्रशासन की तरफ से कार्रवाई का शिकंजा कसा गया। उतरौला तहसील के कई दुकानों पर प्रशासन की टीम ने शनिवार को छापेमारी की और शराब कारोबारियों को अनियमितता न बरतने का निर्देश दिया।
उतरौला एसडीएम डॉ. नागेंद्र नाथ यादव, सीओ आरआर सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अजय जैन व आबकारी निरीक्षक उतरौला की संयुक्त टीम ने डीएम श्रुति के निर्देश पर देशी व विदेशी मदिरा की दुकानों पर छापा मारा। श्रीदत्तगंज, गालिबपुर व इटईमैदा और मॉडल शॉप उतरौला के अंग्रेजी शराब की दुकान, बीयर की दुकान और देशी शराब की दुकान का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दुकानों पर गड़बड़ी प्रकाश में नहीं आई। सभी लाइसेंसधारियों को निर्देश दिया कि खुले में शराब की बिक्री कदापि न करें। शराब की बिक्री के दौरान कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने का निर्देश दिया गया। बच्चों को शराब न बेचने की सख्त हिदायत दी गई।