पिपरहवा चौराहा (बलरामपुर)। नंदमहरा पुलिस चौकी के बेलीकला निवासी राज बहादुर ने शनिवार को बताया कि गांव की सावित्री (50) अपने पशुओं को लेकर खेत में गई थी। घर वापस लौटते समय जमीन पर पड़े हाईटेंशन तार को नहीं देख सकी और उनका छाता तार से टकरा गया। वह गंभीर रूप से झुलस गई।
आसपास मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें तार से छुड़ाया और परिवार के लोगों ने सीएचसी तुलसीपुर में इलाज के लिए पहुंचाया। क्षेत्रवासी शमीम, राधे यादव, हकीम खान, खलील व शेर बहादुर आदि ने आरोप लगाया कि तुलसीपुर-हरैया फीडर से नंदमहरा जाने वाली लाइन सरयू नहर के पास जमीन से तार मात्र चार फुट पर है। सूचना कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को दी गई लेकिन अभी तक समस्या का निराकरण नहीं कराया गया है। जेई विकास चंद्र ने बताया कि सरयू नहर की खुदाई से पटरी की पटान ऊंची हो गई है जिससे तार नजदीक आ गया है। शीघ्र ही पोल लगवाकर लाइन ठीक कराया जाएगा। संवाद