लखनऊ। मिनरल वाटर के नाम पर बोतलबंद पानी बेचने वाली 29 इकाइयों पर अब प्रशासन ने सख्ती की तैयारी कर ली है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) विभाग की प्रारंभिक जांच में इन इकाइयों में कई तरह की कमियां पाई गई हैं, जिसके बाद इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में 29 बोतलबंद पानी की इकाइयां हैं। शासन के निर्देश पर की गई जांच में पांच इकाइयां मौके पर बंद मिली थीं, जबकि शेष चालू मिलीं इकाइयों में सफाई, पानी के शोधन और पैकेजिंग प्रक्रिया में कमियां मिली हैं। अधिकारियों के अनुसार इनमें से कुछ इकाइयां मिनरल वाटर के निर्धारित मानकों तक की अनदेखी कर रही थीं। जिनसे उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को खतरा है।
जांच में यह भी सामने आया कि कुछ इकाइयों में मशीनों की नियमित सफाई नहीं हो रही थी और कर्मचारी सुरक्षा मानकों के पालन में भी लापरवाही बरत रहे थे। इस पर विभाग इन्हें नोटिस जारी कर रहा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
एफएसडीए विभाग के अनुसार, अगले चरण में पानी के नमूने लेकर प्रयोगशाला में परीक्षण कराया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वाली इकाइयों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की सेहत से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे।
-