लखनऊ। राजधानी में गुरुवार को टीकाकरण के दौरान कोविन पोर्टल एक बार फिर दगा दे गया। सर्वर डाउन होने से पंजीकरण अटका तो टीकाकरण केंद्रों पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ गईं। टीका लगने में देरी से सबसे ज्यादा बीमारों व बुजुर्गों को परेशान होना पड़ा। सर्वर ठप होने से बढ़ती अव्यवस्था को देखकर स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने करीब साढ़े 11 बजे ऑफलाइन पंजीकरण शुरू करने का निर्देश दिया। इसके बाद लोगों को कुछ राहत मिली।
गुरुवार को सुबह नौ बजे टीकाकरण की शुरुआत के समय ही कोविन पोर्टल ठप हो गया। इससे केजीएमयू, सिविल अस्पताल, टीबी हॉस्पिटल, रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल, सीएचसी मोहनलालगंज, राम सागर मिश्र अस्पताल समेत सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में पंजीकरण में बाधा से भीड़ बढ़ गई। इससे परेशानी हुई। यही नहीं टीकाकरण के लिए पहले से पंजीकरण करा चुके जब टीका लगवाने पहुंचे तो अस्पताल की टीम का पोर्टल ही नहीं खुला। इससे उन्हें समस्या हुई। सुबह साढ़े 11 बजे के करीब ऑफलाइन पंजीकरण शुरू होने से टीका लगवाने आए लोगों को कुछ राहत तो मिली, लेकिन सर्वर में दिनभर समस्या आती रही। उधर, शेखर अस्पताल में में बने टीकाकरण बूथ पर पहुंचे लोगों ने बताया कि सर्वर की समस्या के चलते यहां इतनी भीड़ हो गई कि बीमार व बुजुर्गों को बैठने तक की जगह नहीं बची। बुजुर्गों का कहना था कि अस्पताल में जिस जगह केंद्र बना था, वहां पर्याप्त जगह नहीं थी। गोमती नगर स्थित मेयो मेडिकल सेंटर में भी टीकाकरण के लिए काफी भीड़ उमड़ी।
बीमार व बुजुर्गों सहित 12773 को लगी वैक्सीन
राजधानी में गुरुवार को टीकाकरण के लिए सरकारी व निजी अस्पतालों में बने कुल 64 केंद्रों पर टीका लगवाने वालों ने जमकर उत्साह दिखाया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमके सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर बीमार-बुजुर्गों सहित कुल 12773 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। इसमें 1842 स्वास्थ्यकर्मियों ने पहली तो 5043 हेल्थ वर्कर्स ने वैक्सीन की दूसरी डोज ली। इसी तरह 705 फ्रंट लाइन वर्कर्स ने पहली डोज ली। इधर, 3669 बुजुर्गों व 1514 बीमार लोगों ने वैक्सीन लगवाई। टीकाकरण केंद्रों में 51 सरकारी व 13 निजी अस्पताल शामिल थे। केजीएमयू, सिविल, बलरामपुर, लोहिया व डफरिन अस्पताल में सबसे अधिक भीड़ रही।
मंत्री सहित कई वीवीआईपी ने ली पहली डोज
नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने गुरुवार को केजीएमयू में टीका लगवाया। इस दौरान सभी नागरिकों से टीका लगवाने की अपील की। वहीं राज्य सभा सदस्य बृज लाल ने लोहिया संस्थान में वैक्सीन लगवाई। डिप्टी सीएमओ डॉ. एपी सिंह ने बताया कि सेवानिवृत्त आईएएस अनूप चंद्र पांडेय व आलोक रंजन समेत कई अधिकारियों ने लोहिया संस्थान में वैक्सीन लगवाई। कई न्यायाधीश भी वैक्सीन की पहली डोज लेने टीकाकरण सेंटर पर पहुंचे।