लखनऊ। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने सभी अस्पतालों में पहले की तरह कोविड ब्लॉक बनाकर इलाज शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के सभी अस्पताल जो कोविड-19 प्रोटोकॉल के अनुसार कोविड और नॉन कोविड व्यवस्थाएं चलाने में सक्षम हैं वे स्वेच्छा से अपने यहां कोविड हॉस्पिटल या ब्लॉक पहले की तरह बनाएं।
डीएम बृहस्पतिवार को स्मार्ट सिटी सभागार में सरकारी व प्राइवेट अस्पतालों के प्रबंधन के साथ बैठक कर रहे थे। इसमें आरएमएल, एसजीपीजीआई, केजीएमयू, एरा, मेयो, चंदन, विद्या, अथर्व व अन्य ने बताया कि उनके यहां कोविड वार्ड शुरू हो गया है। चरक प्रबंधन ने बताया कि 10 अप्रैल से कोविड हॉस्पिटल शुरू कर देंगे। वहीं सहारा हॉस्पिटल का कोविड हॉस्पिटल 30 मार्च से और प्रसाद, इंटीग्रल, विवेकानंद हॉस्पिटल व टीएस मिश्रा हॉस्पिटल में एक अप्रैल से कोविड मरीजों का उपचार शुरू करने की जानकारी दी गई।
डीएम ने सभी अस्पतालों को कंट्रोल रूम स्थापित कर इंटीग्रेटेड कोविड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर से जुड़ने को कहा। सभी प्राइवेट अस्पतालों को कोविड के लिए शासन द्वारा निर्धारित शुल्क ही लेने को कहा। अस्पतालों में बेड बढ़ाने और पीपीई किट व अन्य उपकरणों की व्यवस्था करने को कहा। ठीक हुए मरीजों को प्लाज्मा डोनेशन के लिए प्रेरित करने को कहा। बैठक में सीडीओ प्रभास कुमार, सीएमओ डॉ. संजय भटनागर, एडीएम ट्रांस गोमती विश्वभूषण मिश्र व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।