लखनऊ। महाराष्ट्र की तबस्सुम शेख नाम की एक युवती की फेसबुक व इंस्टाग्राम पर चौक निवासी एक किशोरी से दोस्ती हो गई। उनके बीच फोन पर बातचीत होने लगी। फिर युवती को किशोरी से प्यार हो गया। तबस्सुम औरंगाबाद से अहमदाबाद गई और फिर फ्लाइट से लखनऊ आई और 21 मार्च को लड़की को बहलाकर अपने साथ लेकर ट्रेन से मुंबई रवाना हो गई। परिवारीजन की सूचना पर पुलिस ने सर्विलांस की मदद से लोकेशन ट्रेस की और सड़क मार्ग से पीछा कर इटारसी रेलवे स्टेशन से युवती को गिरफ्तार कर लड़की को उसके चंगुल से मुक्त करा लिया।
इंस्पेक्टर चौक विश्वजीत सिंह ने बताया कि अपहरण की आरोपी तबस्सुम शेख महाराष्ट्र के जिला परभनी की टीचर कॉलोनी दरगाह रोड की रहने वाली है। सर्विलांस से पता चला था कि तबस्सुम शेख, किशोरी को लेकर गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस से मुंबई जा रही है। इंस्पेक्टर चौक पुलिस टीम लेकर निजी वाहन से सड़क मार्ग से उक्त ट्रेन के रूट पर निकल पड़े। जीआरपी व आरपीएफ कंट्रोल रूम को भी सूचना दी गई। जिसके बाद इटारसी स्टेशन पर पुलिस टीम ने ट्रेन से तबस्सुम शेख को गिरफ्तार कर लड़की को उसके चंगुल से छुड़ा लिया। उससे पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी की जाएगी।