लखनऊ। जानकीपुरम के मड़ियांव गांव निवासी सुमन ने दंपती व उसके दो साथियों पर तीन जून को उनके 14 वर्षीय नाती दीपू का अपहरण करने का आरोप लगाया। पुलिस के कार्रवाई न करने पर सुमन ने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर जानकीपुरम पुलिस ने करीब दो माह बाद चारों आरोपियों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज किया है।
एफआईआर के मुताबिक सुमन से गांव के ही रहने वाले मुकेश, उसकी पत्नी, कंचन व सत्यवान रंजिश रखते हैं। इसलिए चारों आरोपियों ने तीन जून को नाती का अपहरण कर लिया। सुमन ने दीपू को तलाशने की काफी कोशिश की मगर कुछ पता नहीं चल सका। सुमन का आरोप था कि जब उन्होंने आरोपियों से पूछताछ करने की कोशिश की तो वे मारपीट पर आमादा हो गए। ऐसे में सुमन ने छह जून को जानकीपुरम थाने में तहरीर दी, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर आरोपी उन्हें और परेशान करने लगे। परेशान सुमन ने नाती के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए कोर्ट की शरण ली। बच्चे का अब तक पता नहीं चला है। इंस्पेक्टर जानकीपुरम विनोद कुमार तिवारी के मुताबिक मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों से पूछताछ की जाएगी, जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई होगी।