लखनऊ। कृष्णा नगर के आरडीएसओ कॉलोनी निवासी साइबर कैफे संचालक दिलीप कुमार कनौजिया ने चार परिचितों पर कारोबार शुरू करने के नाम पर 85 लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है। मामले में कृष्णा नगर पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
दिलीप के मुताबिक उनके साइबर कैफे पर मो.साहिल, कलीम हाशमी उसकी पत्नी अंजुम कलीम हाशमी और बेटा रेहान अक्सर आता रहता था। दो साल पहले बातचीत होने पर आरोपियों ने उनसे निवेश कर नया कारोबार खोलने की बात कही। प्रलोभन में फंसकर दिलीप ने रिश्तेदारों और परिचितों से 85 लाख रुपये उधार लेकर आरोपियों को दे दिए। एक साल बीत गया मगर कोई कारोबार शुरू नहीं हुआ। पीड़ित का आरोप है कि इस बीच चारों ने उन्हें बरगला कर उन्हीं के नाम पर आई फोन फाइनेंस कराया साथ ही जेवर भी खरीद लिए। इंस्पेक्टर पीके सिंह के मुताबिक प्राथमिक जांच में मामला सही पाए जाने पर सोमवार को आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।