दूसरे चरण में 91,104 शिक्षा मित्रों को सहायक अध्यापक के पद पर समायोजित करने की प्रक्रिया 13 अप्रैल को विज्ञापन प्रकाशित होने के साथ ही शुरू हो जाएगी। इसके बाद 15 से 25 अप्रैल तक प्रमाण पत्रों का मिलान यानी काउंसलिंग होगी और 30 अप्रैल तक नियुक्ति पत्र दे दिए जाएंगे।
सचिव बेसिक शिक्षा परिषद संजय सिन्हा ने इस संबंध में गुरुवार को प्रदेशभर के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भेज दिए हैं। शिक्षा मित्रों का सहायक अध्यापक के पद पर समायोजन वास्तविक रिक्तियों के आधार पर किया जाएगा।
परिषद के सचिव ने कहा है कि बीटीसी प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षा मित्रों की सूची डायट प्राचार्य जल्द ही बेसिक शिक्षा अधिकारियों को उपलब्ध करा देंगे। डायटों से मिली सूची के आधार पर शिक्षा मित्रों की मेरिट तैयार करते हुए काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी।