सुंदरता निखारने के लिए उपयोग होने वाले कॉस्मेटिक उत्पादों में घुले रसायन व्यक्ति की किडनी खराब कर सकते हैं तो उसे कैंसर भी दे सकते हैं।
इनसे अल्सर, त्वचा रोग और रक्त संबंधी बीमारियां हो सकती हैं। यह जानकारी गुरुवार को आंचलिक विज्ञान नगरी में आयोजित एक वर्कशॉप के दौरान केंद्रीय औषधीय व सगंध पौधा संस्थान के पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आनंद अखिला सामने रखी।
यह वर्कशॉप प्रकृति के माध्यम से सुंदरता की थीम पर आयोजित की गई थी। वर्कशॉप में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुई।
इस दौरान डॉ. अखिला ने विभिन्न रासायनों से बनने वाले कॉस्मेटिक उत्पादों में मिलने वाले हानिकारक तत्वों और उनसे सेहत को होने वाले नुकसान पर जानकारी दी।
साथ ही उन्होंने प्राकृतिक तौर पर उपयोग होने वाले तत्वों के बारे में बताया जो हमारी सेहत के लिए नुकसानदेह नहीं हैं। इनमें नीम, हल्दी, एलोवेरा, दही, फल, मुल्तानी मिट्टी, शहद आदि का उपयोग अलग-अलग किस्म के फेस पैक बनाने में किया जा सकता है।