प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद
- फोटो : amar ujala
उत्तर प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य सचिव अमित मोहन प्रसाद ने शनिवार को जानकारी दी कि प्रदेश में अब कोरोना वायरस के 1800 मरीज हैं। जबकि 1399 मरीजों को डिस्चार्ज किया जा चुका है । उन्होंने बताया कि प्रदेश का रिकवरी रेट 43 प्रतिशत है जो राष्ट्रीय रिकवरी रेट 30 प्रतिशत से काफी बेहतर है।
उन्होंने कहा कि राज्य में कल 4525 सैंपल की जांच की गई है। वहीं 334 पूल टेस्टिंग भी हुई हैं। इसमें 25 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। राज्य में 124000 से ज्यादा सैंपल की जांच की जा चुकी है। प्रदेश में रोजाना जांच का नंबर बढ़ाया जा रहा है।
अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कोरोना के लिए तीन स्तरीय मेडिकल सविधा की व्यवस्था है। इसमें स्वास्थ्य विभाग के 29193 बेड और चिकित्सा शिक्षा विभाग में 23266 बेड की व्यवस्था की गई है। अगर राज्य में इतने मरीज होते हैं तो हमारे पास उनके इलाज की पूरी व्यवस्था है। सरकार के साथ-साथ कुठ निजी अस्पतालों में भी कोरोना के मरीजों के लिए सुविधाएं हैं।
प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि कोरोना वायरस को सामुदायिक स्तर पर फैलने से रोकने के लिए कम्युनिटी सर्विलांस का मजबूत होना जरूरी है। दूसरे प्रदेशों से जो भी प्रवासी आ रहे हैं, उन्हें जांच के बाद घर पर ही 21 दिन के लिए क्वारंटीन किया जा रहा है। ऐसे में मोहल्ला निगरानी समिति और ग्राम निगरानी समिति की जिम्मेदारी बहुत बढ़ गई है। ऐसे लोगों को जिम्मेदारी से घर पर ही रहने के लिए प्रेरित किया जाए।
अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी ने बताया कि आयुष कवच एप को डाउनलोड करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। आयुर्वेद में ऐसी जड़ी-बूटियां हैं जिनसे शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित होगी। इससे कोविड से लड़ाई के लिए शरीर मजबूत होगा। इस समय 67 जिलों के 294 थाना क्षेत्रों में 449 हॉटस्पॉट इलाके हैं। वहां 8.34 लाख मकान हैं जिनमें 47.29 लाख लोग रहे हैं। हॉटस्पॉट इलाकों में लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करने के निर्देश मुख्यमंत्री ने दिए हैं।