उत्तर प्रदेश में बृहस्पतिवार को 83 नए पॉजिटिव मरीज सामने आए हैं। इनमें आगरा में सबसे ज्यादा 46 मरीज मिले हैं। अब प्रदेश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 2224 हो गई है। 41 मरीजों को ठीक होने के कारण डिस्चार्ज किया गया है।
आगरा में एक दिन में मिले 46 नए कोरोना संक्रमित
दो महीने में यह पहला मौका है जब एक दिन में 46 नए कोरोना मरीज मिले हैं। उधर एक और मरीज की मृत्यू के 3 दिन बाद रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिले में अब मृतकों की संख्या 15 हो गई है। डीएम प्रभु एन सिंह ने इसकी पुष्टि की। अब आगरा में मरीजों की संख्या बढ़कर 479 हो गई है।
मेरठ में मिले तीन और कोरोना संक्रमित
मेरठ में बृहस्पतिवार रात को तीन और नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। अब जनपद में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 104 हो गई है।
अलीगढ़ में कोरोना मरीज
नए कोरोना मरीजों की संख्या-: 03
कुल कोरोना संक्रमित मरीज-: 37
अब तक कोरोना से मौत-: 01
एटा में क्वारंटीन युवक निकला कोरोना पॉजिटिव
क्वारंटीन युवक निकला कोरोना पॉजिटिव। युवक मूलरूप से फर्रुखाबाद का रहने वाला है। चार दिन पहले दिल्ली से अपनी बहन के यहां अलीगंज आया था। मंगलवार को उसे क्वारंटीन किया गया था। अब एटा जनपद में कुल पांच संक्रमित हुए हैं।
फिरोजाबाद में दो नए मामले
फिरोजाबाद में आज कोरोना के चार नए मामले मिले हैं। जिले में अब संक्रमितों की कुल संख्या 109 हो गई, जिनमें से दो की मौत हो चुकी है।
वाराणसी में दो नए मामले
वाराणसी में दो और कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। दोनों मरीज सिगरा थाना के पुलिसकर्मी हैं। एक पुलिसकर्मी थाने और दूसरा नगर निगम चौकी पर तैनात है। इनकी स्क्रीनिंग तीन दिन पहले हुई थी। कोरोना के लक्षण दिखते ही इनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था। आज रिपोर्ट में दोनों पॉजिटिव पाए गए हैं। अब जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 60 हो गई है।
पुलिस कमिश्नर ने बांटे पीपीई किट
गौतमबुद्धनगर के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह ने आज जिला अस्पताल के कर्मचारियों के बीच पीपीई किट का वितरण कराया।
सीएम योगी की भावुक अपील
लॉकडाउन के कारण दूसरे राज्यों में फंसे उत्तर प्रदेश के कामगारों और मजदूरों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भावुक अपील की है। उन्होंने श्रमिकों से गुरुवार को कहा कि वे सब्र रखें। सरकार उन्हें उनके घर तक पहुंचाने की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रही है।
वाराणसी में एक पुलिसकर्मी समेत छह संक्रमित
वाराणसी में आज कोरोना वायरस के छह नए मरीज मिले हैं। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि नगर निगम पुलिस चौकी पर तैनात एक पुलिसकर्मी समेत छह लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। आईएमएस बीएचयू से इनकी रिपोर्ट आने के बाद सभी को दीनदयाल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया जा रहा है। अब जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 58 हो गई है।
मुरादाबाद में 70 वर्षीय कोरोना संक्रमित की मौत
मुरादाबाद तीर्थांकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में भर्ती 70 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव महिला की गुरुवार तड़के मौत हो गई। बुधवार देर रात ही महिला की रिपोर्ट आई थी, जिसमें उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। अब मुरादाबाद में इलाज के दौरान मरने वालों का आंकड़ा सात पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री योगी ने की बैठक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कोरोना वायरस महामारी की स्थिति को लेकर 11 समितियों के अध्यक्षों की टीम के साथ बैठक की।
झांसी में मिला एक नया मरीज
झांसी के ओरछा गेट में रहने वाला एक और व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। यह संक्रमित झांसी की पहली कोरोना मरीज का पड़ोसी है। इसके साथ ही झांसी में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
बरेली: लॉकडाउन में सड़क दुर्घटना, होमगार्ड की मौत
लॉकडाउन के दौरान बरेली में डयूटी से लौट रहे एक होमगार्ड सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। बुधवार देर रात मेन रोड पर तेज रफ्तार डीसीएम ने उन्हें कुचल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस को कॉल किया, लेकिन होमगार्ड की मौके पर ही मौत हो गई।
महाराजगंज में एक नया मामला
महाराजगंज जिले में एक और कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आया है। मुख्य चिकित्साधिकारी श्रीकांत तिवारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि संक्रमित व्यक्ति की ट्रैवल हिस्ट्री का पता लगाया जा रहा है। बता दें कि इससे पहले महरागंज में छह जमाती कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद जिले को कोरोना मुक्त घोषित कर दिया गया था।
केजीएमयू में 646 सैंपलों की जांच, 27 पॉजिटिव
लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में बुधवार को 646 सैंपलों की जांच की गई, जिनमें से 27 की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।
कोरोना पॉजिटिव गर्भवती महिला का ऑपरेशन सफल
आगरा में सरोजिनी नायडु मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम ने पिछले दिनों कोरोना संक्रमित पाई गई गर्भवती महिला का गुरुवार सुबह ऑपरेशन किया। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि महिला का ऑपरेशन सफल रहा।
वाराणसी नगर निगम की सीमाएं सील
तीन मई तक वाराणसी नगर निगम की सीमा को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। डीएम कौशल राज शर्मा ने बताया कि लोगों को किसी भी चीज की आवश्यकता होने पर समानों की होम डिलीवरी कराई जाएगी। लोगों को केवल स्वास्थ्य और चिकित्सा के मामलों में ही सीमा से बाहर जाने की अनुमति मिलेगी।