एंबुलेंस के इंतजार में सोमवार को कोरोना संक्रमित किराना व्यापारी की मौत हो गई। उसकी पत्नी कोविड केयर सेंटर पर लगातार फोन करती रही, लेकिन तीन घंटे में भी एंबुलेंस नहीं उपलब्ध कराई जा सकी। इसके बाद निजी एंबुलेंस से मरीज को हरदोई रोड स्थित प्राइवेट कोविड अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अग्रसेन नगर मडियांव निवासी किराना व्यापारी की कुछ दिनों से तबीयत खराब थी। उसने रविवार को आरएमएल में कोविड-19 का टेस्ट कराया। रिपोर्ट आने से पहले ही सोमवार सुबह मरीज की हालत बिगड़ गई। आठ बजे सांस फूूलने पर पत्नी ने कोविड केयर सेंटर पर फोन लगाया।
वहां तीन घंटे तक टरकाने के बाद भी एंबुलेंस नहीं भेजी गई। इस पर 11 बजे प्राइवेट एंबुलेंस से मरीज को हरदोई रोड स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मरीज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोपहर को व्यापारी की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई।