लखनऊ में कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है, लेकिन अभी यह कम्युनिटी में नहीं फैला है। चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि लोग सेल्फ क्वारंटीन के नियमों का पालन करते हुए खुद को बचाते रहे तो इस महामारी से निपटा जा सकता है।
लखनऊ में पॉजिटिव मरीजों की संख्या अब 22 हो गई है। जमातियों के आने से पहले राजधानी में 10 लोग कोरोना से पीड़ित थे। इसके बाद बुधवार तक 12 अन्य चपेट में आ गए।
इनमें ज्यादातर वही हैं जो जमातियों से किसी न किसी रूप में संपर्क में थे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पांच अप्रैल को राजधानी के 48 लोगों के सैंपल लिए थे, जिनमें छह पॉजिटिव पाए गए।
इसी तरह 6 अप्रैल को 63 लोगों के सैंपल लिए गए। इसमें एक पॉजिटिव, 7 अप्रैल को 13 लोगों के सैंपल लिए गए। इसमें पांच लोग पॉजिटिव आए हैं, जबकि आठ अप्रैल को 47 लोगों के सैंपल जांच को भेजे गए।